अल्मोड़ा: शनि जन्मोत्सव पर भैरव मंदिरोंमें हुआ धार्मिक अनुष्ठान, पूजा-अर्चना के बाद भव्य भंडारे का आयोजन, उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

अल्मोड़ा: अल्मोड़ा में आज शनि जन्मोत्सव के पावन अवसर पर चौघानपाटा में धार्मिक उल्लास और श्रद्धा का माहौल देखने को मिला।

भव्य भंडारे का आयोजन

इस शुभ अवसर पर ‘दुर्गा महोत्सव समिति, चौघानपाटा’ द्वारा लेफ्टिनेंट कर्नल सतीश चंद्र जोशी पार्क में एक भव्य भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालुओं और भक्तजनों ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ कमाया।
​मंदिरों में हुई विशेष पूजा-अर्चना

​वहीं भंडारे से पूर्व धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। सर्वप्रथम श्री शंकर भैरव मंदिर और बाल भैरव मंदिर में भक्तों द्वारा विशेष पूजा-अर्चना की गई। इस दौरान देव विग्रहों के समक्ष खिचड़ी आदि का भोग लगाया गया और उपस्थित जनसमुदाय ने सभी की सुख, समृद्धि व मंगलकामना के लिए प्रार्थना की। पूजा-अर्चना संपन्न होने के बाद लेफ्टिनेंट कर्नल सतीश चंद्र जोशी पार्क में भंडारा शुरू हुआ। शनि जन्मोत्सव के इस विशेष भंडारे में नगर के कोने-कोने से आए श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह के साथ प्रसाद ग्रहण किया। दोपहर से लेकर देर शाम तक प्रसाद वितरण का सिलसिला चलता रहा।
समिति के सदस्यों का रहा सराहनीय योगदान

​इस पूरे आयोजन को सफल बनाने में दुर्गा महोत्सव समिति चौघानपाटा के समस्त पदाधिकारियों और सेवादारों ने अपनी अहम भूमिका निभाई। व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से चलाने और भक्तों की सेवा में सभी सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा।