अल्मोड़ा: चौपाल में गूंजीं रैलापाली के वार्डवासियों की समस्याएं, नगर निगम महापौर व दर्जा मंत्री ने दिया त्वरित समाधान का आश्वासन

अल्मोड़ा: नगर के रैलापाली वार्ड में आज रविवार को एक चौपाल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें स्थानीय लोगों ने पेयजल, बिजली, प्रधानमंत्री आवास योजना और जलभराव जैसी बुनियादी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। कार्यक्रम की शुरुआत से पहले उपस्थित कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का प्रसारण सुना।

सुनी जनसमस्याएं

इस कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे मेयर अजय वर्मा और दर्जा राज्य मंत्री गोविंद पिलख्वाल ने लोगों की शिकायतें सुनीं और मौके पर ही संबंधित अधिकारियों से वार्ता कर जल्द से जल्द समाधान कराने का भरोसा दिलाया। चौपाल के दौरान वार्डवासियों ने बताया कि बरसात के दिनों में क्षेत्र में जगह-जगह जलभराव की गंभीर स्थिति पैदा हो जाती है, जिसके लिए नई नालियों का निर्माण और पुरानी नालियों की मरम्मत बेहद जरूरी है। इसके अलावा पीएम आवास और बिजली-पानी से जुड़ी व्यावहारिक दिक्कतों से भी अतिथियों को अवगत कराया गया।

कहीं यह बात

इस मौके पर मेयर अजय वर्मा ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनका मुख्य लक्ष्य है। कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं से वंचित न रहे, इसके लिए प्रशासन को दिशा-निर्देश दिए गए हैं। वहीं, दर्जा राज्य मंत्री गोविंद पिलख्वाल ने जोर देते हुए कहा कि जनता की समस्याओं का निस्तारण सरकार की पहली प्राथमिकता है और चौपाल में उठाई गई सभी मांगों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

रहें मौजूद

इस मौके पर पार्षद कैलाश गुरुरानी, कृष्ण बहादुर, व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष मनोज सिंह पवार, जीएस बगड़वाल, नीरज कुमार, प्रमोद कुमार, नवीन चंद सहित भारी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।