अल्मोड़ा: एसएसपी चंद्रशेखर घोड़के देश के 100 सर्वश्रेष्ठ पुलिस कप्तानों में हुए शामिल, फेम इंडिया-एशिया पोस्ट सर्वे में मिली यह बड़ी उपलब्धि

अल्मोड़ा: अल्मोड़ा जिले के एसएसपी चंद्रशेखर घोड़के ने राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन किया है। ‘फेम इंडिया-एशिया पोस्ट’ द्वारा जारी देश के 100 सर्वश्रेष्ठ पुलिस कप्तानों की सूची में उनका नाम शामिल किया गया है।

इस सूची में शामिल

जानकारी के अनुसार इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सूची में उत्तराखंड से कुल तीन पुलिस अधिकारियों को स्थान मिला है। राष्ट्रीय स्तर पर किए गए इस सर्वेक्षण में पुलिस अधिकारियों के प्रदर्शन को विभिन्न कड़े मानकों पर परखा गया, जिनमें शामिल हैं-
• ​अपराध नियंत्रण व कानून-व्यवस्था: त्वरित निर्णय क्षमता, अपराध नियंत्रण में सुधार और बेहतर संकट प्रबंधन।
• ​जनमित्र पुलिसिंग व नवाचार: पारदर्शी एवं जवाबदेह कार्यशैली, व्यवहार कुशलता, मजबूत जनसंपर्क और जनता के बीच बढ़ता विश्वास।
• ​नेतृत्व एवं जन छवि: प्रभावी नेतृत्व क्षमता और सकारात्मक सार्वजनिक छवि।

आईपीएस चंद्रशेखर घोड़के का सफर

​वर्ष 2019 बैच के आईपीएस अधिकारी चंद्रशेखर घोड़के इससे पूर्व बागेश्वर जिले में एसपी के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। वर्तमान में वह फरवरी माह से अल्मोड़ा के एसएसपी के रूप में कार्यरत हैं। अपनी इस उपलब्धि पर एसएसपी चंद्रशेखर घोड़के ने कहा कि, “हमारा संकल्प एक भयमुक्त, अपराधमुक्त और नशामुक्त समाज का निर्माण करना है। इस दिशा में आम जनता को साथ जोड़कर लगातार प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं।”