अल्मोड़ा: राज्य कृषि मंत्री गणेश जोशी ने विभिन्न योजनाओं की समीक्षा, अधिकारियों को दिए यह आवश्यक दिशा निर्देश

अल्मोड़ा जिले से जुड़ी खबर सामने आई है। कृषि मंत्री, कृषक कल्याण, सैनिक कल्याण तथा ग्राम्य विकास विभाग उत्तराखंड सरकार गणेश जोशी ने अल्मोड़ा विकास भवन पहुंचकर विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की तथा अधिकारियों को जरूरी दिशा निर्देश दिए। विकास भवन पहुंचने पर जिलाधिकारी विनीत तोमर, मुख्य विकास अधिकारी आकांक्षा कोण्डे ने मंत्री गणेश जोशी का पुष्प गुच्छ देकर सम्मानित किया।

मोटे अनाज का उत्पादन बढ़ाने के अधिकारियों को दिए निर्देश

बैठक के दौरान मंत्री ने जनपद में मोटे अनाज का उत्पादन बढ़ाने के निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने मंडुआ, झंगोरा, गहत, चौलाई जैसी फसलों के उत्पादन पर जोर देते हुए कहा कि यहां की परिस्थितियों के अनुसार मोटे अनाज के उत्पादन की जनपद में अपार संभावनाएं हैं, इसलिए अधिकारी इस ओर अधिक ध्यान दें। उन्होंने कहा कि मंडुवा के लिए एमएसपी (38.46 रुपए प्रति किलो) के तहत सरकारी खरीद होने से अब यह फसल किसानों के लिए आय भी अर्जित करेगी।

महिलाओं की आजीविका बढ़ाने में भी मिलेगी मदद

उन्होंने कहा कि मडुवा खरीद में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को शामिल किया जा रहा है। जिसके तहत समूह की महिलाओं द्वारा मंडुवा खरीद पर 1.5 रुपए प्रति किलो का इंसेंटिव दिया जाएगा, जिससे किसानों को अपनी फसल का उचित दाम भी घर बैठे प्राप्त होगा वहीं दूसरी ओर महिलाओं की आजीविका बढ़ाने में भी मदद मिलेगी।

विभिन्न योजनाओं का प्रचार तथा प्रसार बेहतर ढंग से करने के दिए निर्देश

उन्होंने कहा कि इस वर्ष को अंतरराष्ट्रीय मिलेट वर्ष के तौर पर मनाया जा रहा है, इसलिए विभागीय अधिकारी इस ओर अधिक लगन से कार्य करें। इस दौरान उन्होंने कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा करते हुए योजनाओं का प्रचार तथा प्रसार बेहतर ढंग से करने के निर्देश दिए।

जिले में सेब के उत्पादन को बढ़ाने पर दिया जाए ध्यान

उद्यान विभाग की समीक्षा के दौरान मंत्री गणेश जोशी ने निर्देश दिए कि जिले में सेब के उत्पादन को बढ़ाने पर ध्यान दिया जाए। उन्होंने एप्पल मिशन के अंतर्गत किसानों को सेब के उत्पादन के लिए प्रोत्साहित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।साथ ही पॉलीहाउस निर्माण में भी तेजी से लाभार्थियों का चयन कर पॉली हाउस बनाने के निर्देश दिए गए।

वृक्षारोपण के तहत फलदार पौधे का किया जाए रोपण

इस दौरान उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि विभागीय योजनाओं का प्रचार प्रसार जनप्रतिनिधियों के माध्यम से कराया जाए तथा जो भी विभागीय योजनाओं से संबंधित कार्यक्रम आयोजित होते हैं, उनमें जनप्रतिनिधियों को अनिवार्य रूप से आमंत्रित किया जाए।ग्राम्य विकास की समीक्षा के दौरान मंत्री गणेश जोशी ने निर्देश दिए कि मनरेगा के तहत वृक्षारोपण के जो कार्य किए जाते हैं, उन पौधों की देखरेख का भी मैकेनिज्म तैयार किया जाए। उन्होंने कहा कि इसके अंतर्गत फलदार पौधे का रोपण किया जाए। परियोजना निदेशक ने बताया कि इस वित्तीय वर्ष में मनरेगा के तहत 216104 लक्ष्य के सापेक्ष 152992 पौधे लगाए जा चुके हैं।

उपस्थित रहे

इस दौरान बैठक में डीसीबी चेयरमैन ललित लटवाल, पूर्व विधायक कैलाश शर्मा, जिलाधिकारी विनीत तोमर, मुख्य विकास अधिकारी आकांक्षा कोण्डे , पीडी पुष्पेंद्र सिंह समेत अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।