अल्मोड़ा: जंगल की जमीन पर कब्जों का विरोध करने वाले पूर्व सरपंच के घर में पथराव.. मुकदमा दर्ज

अल्मोड़ा से जुड़ी खबर सामने आई है। यहां दन्या क्षेत्र की मुनौली वन पंचायत में बड़े पैमाने पर हुए अतिक्रमण का विरोध करने वाले पूर्व वन सरपंच के परिवार की जान सांसत में है। आरोप है कि अतिक्रमण के खिलाफ आवाज उठाने से भड़के कुछ अतिक्रमणकारियों ने गुरुवार रात और शुक्रवार को पूर्व सरपंच के घर पर पथराव कर दिया। साथ ही उनके परिवार को बड़ियाठ (धारदार हथियार) से काटने की धमकी भी दी। पीड़ित दंपति ने दन्या थाने में तहरीर सौंपकर आरोपियों पर कार्रवाई की मांग उठाई है। साथ ही परिवार के करीब सात सदस्यों की जान को खतरे का अंदेशा जताते हुए सुरक्षा की भी गुहार लगाई है।

जंगलों की जमीन पर दर्जनों भवन बनाने का मामला प्रकाश में आया

बीते दिनों अल्मोड़ा जिले के धौलादेवी ब्लॉक स्थित दन्या कस्बे के पास मुनौली वन पंचायत में सैकड़ों पेड़ खुर्द-बुर्द करने और जंगल की जमीन पर दर्जनों भवन बनाने का मामला आपके अपने अखबार ‘हिन्दुस्तान’ ने प्रमुखता से प्रकाशित किया था। कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत ने इस मामले को गंभीरता से लिया, जिसके बाद अल्मोड़ा जिले के भनोली तहसील प्रशासन ने 18 अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी किया था।

प्रशासन की ओर से अतिक्रमणकारियों को मिला नोटिस

मुनौली वन पंचायत के पूर्व सरपंच गोविंद गोपाल लंबे समय से इसी अतिक्रमण के खिलाफ मोर्चा खोले हुए हैं। अब प्रशासन की ओर से नोटिस जारी होने के बाद अतिक्रमणकारियों में खलबली का माहौल है।

अतिक्रमण के आरोपियों पर पूर्व सरपंच के घर धावा बोलने और बड़ियाठ (धारदार हथियार) दिखाकर डराने का आरोप

पूर्व सरपंच गोविंद गोपाल का आरोप है कि गुरुवार रात कुछ अतिक्रमणकारियों ने नशे में धुत होकर उनके घर पर धावा बोला। बड़ियाठ (धारदार हथियार) दिखाकर उनकी पत्नी और परिवार के अन्य सदस्यों में दहशत फैलाई गई। उनके घर पर भी पथराव किया गया। भयभीत परिवार के सभी सदस्यों ने एक कमरे में छिपकर जान बचाई।

दिखाकर उनकी पत्नी और परिवार के अन्य सदस्यों में दहशत फैलाई गई। उनके घर पर भी पथराव किया गया। भयभीत परिवार के सभी सदस्यों ने एक कमरे में छिपकर जान बचाई।

अतिक्रमण के कुछ आरोपियों ने जान से मारने की दी धमकी

घटना की मोबाइल से रिकॉर्डिंग करने की जानकारी मिलने के बाद ही हमलावर उनके घर से भागे। शुक्रवार को भी अतिक्रमण के कुछ आरोपियों ने उनके घर पर पथराव, गाली गलौज और जान से मारने की धमकी दी।

आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज

सुशील कुमार, थानाध्यक्ष, दन्या अल्मोड़ा ने बताया कि मुनौली वन पंचायत के पूर्व सरपंच पक्ष की ओर से पुलिस को तहरीर मिल चुकी है। आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।

पूर्व सरपंच की पत्नी है वर्तमान में पंच

गोविंद गोपाल की पत्नी प्रीति पांडे पहले दिल्ली में नौकरी करती थीं। कोरोना काल के दौरान वह नौकरी छोड़कर अपने गांव में ही रहने लगीं। इसी दरम्यान उन्हें मुनौली वन पंचायत का पंच बनाया गया। पति के साथ ही प्रीति पांडे भी पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में कार्य कर रही हैं। गोविंद गोपाल मल्टी नेशनल कंपनी में बड़ा ओहदा छोड़कर अपने गांव लौटे थे। यहां पहुंचकर उन्होंने क्षेत्र की जनता को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने का बीड़ा उठाया है।