अल्मोड़ा: हुनर को मिले पंख: डीनापानी में बुनकर महिलाओं के स्वावलंबन को देख गदगद हुए डीएम

अल्मोड़ा: महिला सशक्तिकरण और स्थानीय हस्तशिल्प को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने आज डीनापानी स्थित ‘हिमाद्रि हैंडलूम’ का औचक निरीक्षण किया।

उत्पादों का किया अवलोकन

इस दौरान उन्होंने संस्थान की कार्यप्रणाली को समझा और वहां तैयार किए जा रहे उत्पादों की बारीकी से समीक्षा की।‌ निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने केंद्र में तैयार हो रहे उच्च गुणवत्ता वाले शॉल, ऊनी वस्त्र और अन्य हस्तशिल्प उत्पादों को देखा। उन्होंने कच्चे माल की उपलब्धता से लेकर तैयार माल की मार्केटिंग और बिक्री प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी ली। हस्तनिर्मित उत्पादों की फिनिशिंग देखकर जिलाधिकारी ने प्रसन्नता व्यक्त की।

महिलाओं से किया संवाद

​जिलाधिकारी ने केंद्र में कार्यरत महिला बुनकरों से सीधा संवाद किया। उन्होंने महिलाओं से उनकी आय, कार्य परिस्थितियों और आजीविका पर पड़ने वाले प्रभाव के बारे में चर्चा की। जिलाधिकारी ने कहा‌ उत्तराखंड सरकार की यह पहल महिला सशक्तिकरण की एक जीती-जागती मिसाल है। यहाँ महिलाएं न केवल हुनर सीख रही हैं, बल्कि आत्मनिर्भर बनकर अपने परिवार का संबल भी बन रही हैं।

विस्तार की योजना

​वर्तमान में इस संस्थान में 48 महिला बुनकर और 9 फैशन डिजाइनर कार्यरत हैं। केंद्र की सफलता को देखते हुए जिलाधिकारी ने आश्वासन दिया कि इसके विस्तार के लिए उचित कदम उठाए जाएंगे, ताकि क्षेत्र की अधिक से अधिक महिलाओं को रोजगार और प्रशिक्षण से जोड़ा जा सके।‌‌

रहें उपस्थित

इस भ्रमण के दौरान परियोजना निदेशक (ग्राम्य विकास अभिकरण) के.एन. तिवारी और हिमाद्रि हैंडलूम की ओर से मुक्ति दत्ता सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।