अल्मोड़ा: ऐतिहासिक हुक्का क्लब रामलीला में सीता हरण के भावुक मंचन ने नम की आँखें, कलाकारों के अभिनय ने मोहा मन

​अल्मोड़ा: अल्मोड़ा की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक पहचान श्री लक्ष्मी भंडार हुक्का क्लब की रामलीला में बीती रात ‘राम प्रतिज्ञा’ से लेकर ‘सीता हरण’ तक के प्रसंगों का भव्य, जीवंत और भावपूर्ण मंचन किया गया।

रामलीला का मंचन

जिसमें कलाकारों की सशक्त अभिनय क्षमता, प्रभावशाली संवाद अदायगी और मार्मिक प्रस्तुति ने उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। रामलीला के मंचन की शुरुआत भगवान श्रीराम की ‘राम प्रतिज्ञा’ से हुई, जिसमें धर्म की रक्षा और सत्य के मार्ग पर चलने के उनके दृढ़ संकल्प को दर्शाया गया। इसके पश्चात सूर्पणखा नासिका छेदन के दृश्य ने नाटकीय रोमांच उत्पन्न किया। बाद में कलाकारों ने खर-दूषण वध और त्रिसरा वध के युद्ध दृश्यों का ऐसा ओजस्वी मंचन किया कि पूरा पांडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। रात का सबसे भावुक और मुख्य प्रसंग ‘सीता हरण’ रहा। लंकापति रावण द्वारा छलपूर्वक माता सीता का हरण किए जाने के दृश्य को देखकर दर्शक भाव-विभोर हो गए। इस प्रसंग के माध्यम से अहंकार, छल और अधर्म के दुष्परिणामों को दर्शाते हुए आगे अधर्म पर धर्म की विजय की पृष्ठभूमि तैयार की गई।
​
रहें मुख्य अतिथि

​कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अल्मोड़ा जिलाध्यक्ष श्री महेश नायल उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष श्री रवि रौतेला, मनोज तिवारी, सुशीला वर्मा तथा होटल एसोसिएशन अल्मोड़ा के अध्यक्ष अरुण वर्मा ने सहभागिता की।‌ अतिथियों ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि रामलीला केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, धार्मिक आस्था, नैतिक मूल्यों और पारिवारिक संस्कारों को सहेजने का सशक्त जरिया है। उन्होंने कहा कि श्री लक्ष्मी भंडार हुक्का क्लब दशकों से अल्मोड़ा की इस सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने में अग्रणी भूमिका निभा रहा है।


​रहा योगदान

​संस्था के अध्यक्ष/सचिव विनीत बिष्ट तथा रामलीला संयोजक एवं पूर्व सभासद राजेंद्र तिवारी के कुशल नेतृत्व में इस ऐतिहासिक परंपरा को निरंतर समृद्ध किया जा रहा है। आयोजन को सुचारु और भव्य बनाने में त्रिभुवन गिरी, हर्षवर्धन वर्मा, मीनाक्षी साह अग्रवाल, मीनाक्षी जोशी, ललित मोहन साह, मनोज साह, भारत गोस्वामी, कंचन बिष्ट, विजय चौहान, कैलाश साह, अभय उप्रेती, मणिकरण गुप्ता, मानस वाणी, पारस, रोहित साह, चंदन आर्य, गौरव तिवारी, आकांक्षा, नीलम भट्ट, गीता तिवारी, हर्षिता तिवारी, अभय साह, विनोद गिरी एवं मिश्रा जी सहित अनेक कार्यकर्ताओं और कलाकारों का विशेष योगदान रहा।


​लकी ड्रॉ

​हुक्का क्लब की रामलीला में जनसहभागिता और दर्शकों के उत्साह को बनाए रखने के लिए प्रतिदिन की तरह लीला समापन के बाद लकी ड्रॉ का आयोजन किया गया। इसमें दस भाग्यशाली दर्शकों को आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए गए, जिससे दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला।