अल्मोड़ा: नव विवाहिता ने मायके आकर दी जान, दस मई को हुआ था विवाह

शादी को अभी दस दिन भी पूरे नहीं हुए थे कि विवाहिता ने मायके में आकर आत्महत्या कर ली। आनन फानन में परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी ।

फांसी के फंदे में झूल जीवन लीला समाप्त की

सोमेश्वर के ढौनीगाड़ क्षेत्र से खबर सामने आई है यहां नव विवाहिता 23 वर्षीय मनीषा निवासी नाग गांव ने फांसी के फंदे में झूल जीवन लीला समाप्त कर दी।  बताया जा रहा है कि मृतका का बीती 10 मई को मुरादाबाद के रहने वाले नंदन सिंह के साथ  विवाह हुआ था। वह एक दिन पूर्व ही अपने पति के साथ मुरादाबाद से गांव आई थी। शुक्रवार रात्रि नव विवाहिता मनीषा ने अपने मायके में फांसी का फंदा लगा कर जान दे दी। जैसे ही परिजनों ने उसे फंदे पर झूलता देखा तो उनके होश उड़ गए ।  आनन फानन में परिजन उसे उप जिला चिकित्सालय सोमेश्वर लेकर पहुंचे जहां जांच के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका के पिता घर में ही किसानी करते हैं। मृतका की एक छोटी बहिन और नाबालिग भाई है।

जांच में जुटी पुलिस

पुलिस को इसकी सूचना शुक्रवार रात करीब 11 बजे मिली। मामले में किसी भी पक्ष की ओर से कोई रिपोर्ट नहीं दी गई है।फिलहाल पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।  तहसीलदार खुशबू पांडे की मौजूदगी में शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए अल्मोड़ा जिला चिकित्सालय भेज दिया गया है।