अल्मोड़ा: सिमकनी मैदान में लगा शरदोत्सव मेला बंद, विरोध के बाद प्रशासन ने लिया निर्णय

अल्मोड़ा से जुड़ी खबर सामने आई है। अल्मोड़ा के सिमकनी मैदान में शरदोत्सव मेले का आयोजन चल रहा था। जिसका आज रविवार को विवाद के बाद संचालन बंद कर दिया गया है।

लगाए यह आरोप

जानकारी के अनुसार सिमकनी मैदान में 12 दिसंबर से शरदोत्सव मेला लगाया गया था, जिसमें बाहरी क्षेत्रों से आए व्यापारियों ने अपनी दुकानें लगाई थी। रविवार सुबह भी खरीदारी के लिए लोग पहुंचने लगे थे। लेकिन स्थानीय व्यापारियों के विरोध के चलते माहौल तनावपूर्ण हो गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सुबह से ही मैदान में पुलिस बल तैनात कर दिया गया। स्थानीय व्यापारियों का कहना था कि प्रशासन द्वारा मेले की अनुमति केवल 19 दिसंबर तक के लिए दी गई थी, इसके बाद भी दुकानों का संचालन नियमों के खिलाफ है। इसे लेकर व्यापारियों और मेला संचालकों के बीच तीखी बहस भी हुई।

बंद करना पड़ा मेला

नगर व्यापार मंडल के सह-सचिव अश्वनी नेगी ने आरोप लगाया कि निर्धारित समय के बाद मेला जारी रहने से स्थानीय दुकानदारों के कारोबार पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है और उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। जिसके चलते प्रशासन को मेले को बंद कराने का निर्णय लेना पड़ा।