अल्मोड़ा: अल्मोड़ा में विकासखंड हवालबाग के अंतर्गत विकास स्वायत्त सहकारिता खत्याड़ी की तृतीय वार्षिक आम बैठक (AGM) का आज सोमवार को आयोजन किया गया।
बैठक का आयोजन
जिसमें अध्यक्षा सीमा कुमारी की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में सहकारिता के समस्त शेयरधारकों की शत-प्रतिशत उपस्थिति रही। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक, ब्लॉक प्रमुख, दर्जा मंत्री, सहायक खंड विकास अधिकारी, सहायक प्रबंधक संस्था एवं समावेशन सहित सहकारिता पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। अतिथियों ने संस्था की गतिविधियों और ग्रामीण क्षेत्रों में आजीविका संवर्धन के प्रयासों की जमकर सराहना की।
हुई यह चर्चा
इस मौके पर विगत वर्ष की गतिविधियों, वार्षिक आय-व्यय विवरण, लेखा रिपोर्ट तथा आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई। सहकारिता की ओर से सभी शेयरधारकों को लाभांश का वितरण किया गया, जिससे सदस्यों में अपार खुशी देखने को मिली। आजीविका और स्वरोजगार के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले ई-रिक्शा चालकों एवं स्थानीय उद्यमियों को विशेष रूप से सम्मानित कर पुरस्कृत किया गया।
जताया आभार
संस्था की अध्यक्षा सीमा कुमारी ने कहा कि सहकारिता का मुख्य उद्देश्य सदस्यों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना, स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना और सामूहिक विकास को बढ़ावा देना है। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी अतिथियों, शेयरधारकों और सहयोगी संस्थाओं का आभार जताया।