अल्मोड़ा: पर्यटन नगरी अल्मोड़ा के प्रसिद्ध कसार देवी क्षेत्र स्थित एक होमस्टे में ठहरे दिल्ली के युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक एक माह के प्रवास पर यहां आया था।
युवक की मौत
मिली जानकारी के अनुसार कसार देवी स्थित ‘शारदा होमस्टे’ के संचालक मयंक कार्की ने पुलिस को घटना की सूचना दी। उन्होंने बताया कि ईस्ट दिल्ली के वसुंधरा एन्क्लेव (अभियंत अपार्टमेंट) निवासी संजय तालुकदार पुत्र एससी तालुकदार ने बीती 10 अक्टूबर को एक माह के प्रवास के लिए उनके होमस्टे में कमरा लिया था। होमस्टे संचालक के मुताबिक, गुरुवार रात अचानक संजय की तबीयत बिगड़ गई। शुक्रवार सुबह जब कमरे में जाकर देखा गया तो वह अचेत अवस्था में पड़ा था। आनन-फानन में उसे नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जांच में जुटी पुलिस
इस मामले को लेकर कोतवाल योगेश चंद्र उपाध्याय ने बताया कि मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। परिजनों के अल्मोड़ा पहुंचने के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि युवक की मौत किन कारणों से हुई, इसका स्पष्ट खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।