अल्मोड़ा: हवालबाग क्षेत्र पंचायत की बैठक गुरुवार को ब्लॉक प्रमुख हिमानी कुंडू की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में बिजली, पानी, सड़क और ग्रामीण विकास से जुड़े मुद्दों पर जमकर चर्चा हुई। पूर्व बैठकों में उठाई गई समस्याओं के समाधान नहीं होने पर जनप्रतिनिधियों ने नाराजगी जताते हुए विभागीय अधिकारियों को घेरा।
इस पर जताया विरोध
यह बैठक शुरू होने से पहले परियोजना निदेशक केएन तिवारी ने सदन को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एक अप्रैल से लागू इन नियमों के तहत ग्राम पंचायतों की भूमिका महत्वपूर्ण होगी। उन्होंने कूड़े के स्रोत पर पृथकीकरण, वैज्ञानिक निस्तारण और दंडात्मक प्रावधानों की जानकारी भी दी। इसके अलावा भारत निर्वाचन आयोग की एसआईआर प्रक्रिया के संबंध में भी जानकारी देते हुए बीएलओ को सहयोग करने की अपील की गई, ताकि कोई पात्र व्यक्ति मतदाता सूची से वंचित न रहे। बैठक में सबसे अधिक मुद्दे पेयजल व्यवस्था को लेकर उठे। तलाड़बाड़ी, देवलीखान और भनरगांव के प्रधानों ने गांवों में पानी की समस्या को प्रमुखता से रखा। देवलीखान की प्रधान ने कहा कि यदि जल्द जलापूर्ति व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो वह पद से इस्तीफा दे देंगी। गोलना करड़िया और स्यूरा क्षेत्र से भी पेयजल योजनाओं के धरातल पर नहीं उतरने की शिकायतें उठीं। जल जीवन मिशन के तहत पेयजल आपूर्ति को लेकर भी सवाल खड़े किए गए।
कृषि विभाग की योजनाओं में ऑनलाइन माध्यम से कृषि टूलकिट वितरण पर प्रधानों ने आपत्ति जताई। खाद्य आपूर्ति विभाग से राशन कार्डों में नाम काटे जाने और नई यूनिट नहीं जुड़ने के मामलों को भी सदन में उठाया गया। विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली पर भी जनप्रतिनिधियों ने नाराजगी जताई। ग्राम प्रधान अथरबनी ने ट्रांसफार्मर की सुरक्षा दीवार और घरों के ऊपर से गुजर रही बिजली लाइन हटाने की मांग दोहराई, लेकिन अधिशासी अभियंता ने शासनादेश का हवाला देते हुए समस्या के समाधान से इनकार कर दिया। इस पर कई प्रधानों ने विरोध जताया।
रखें यह मुद्दे
ग्राम प्रधान स्यूरा प्रमोद जोशी ने धोतीगाढ़ मोटर मार्ग के डामरीकरण का मुद्दा उठाया। कई प्रधानों ने सड़क निर्माण के दौरान मलबा निस्तारण, पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने और पीएमजीएसवाई सड़कों से पैदल मार्गों को पहुंचे नुकसान की समस्याएं भी रखीं। बैठक में पंचायतीराज विभाग द्वारा प्रधानों के फंड से कंटीजेंसी राशि काटे जाने का भी विरोध हुआ। प्रधानों ने कहा कि पूर्व बैठक में इस कटौती को रोकने का प्रस्ताव पारित होने के बावजूद विभाग दोबारा कटौती की बात कर रहा है।
रहें मौजूद
बैठक में ब्लॉक प्रमुख हिमानी कुंडू, जिला पंचायत सदस्य महेश नयाल, कुंदन राम, परियोजना निदेशक केएन तिवारी, तहसीलदार रवि शाह, बीडीओ एसएस दरियाल, एबीडीओ रमेश कनवाल, कनिष्ठ प्रमुख जानकी नयाल, प्रधान संगठन अध्यक्ष देवेंद्र सिंह नयाल, महामंत्री विनोद जोशी, उपाध्यक्ष सुंदर मटियानी, चंद्रिका तिवारी, प्रमोद जोशी, मोहन कनवाल, प्रदीप पालनी समेत बड़ी संख्या में ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य और विभागीय अधिकारी, कर्मचारी मौजूद रहे।