अल्मोड़ा: मानसखंड माला योजना से संवरेंगे उत्तराखंड के पौराणिक मंदिर, सोमेश्वर में बोलीं कैबिनेट मंत्री मंत्री रेखा आर्या

अल्मोड़ा: सोमेश्वर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम जीतब स्थित प्रसिद्ध श्री हरज्यू मंदिर में मंगलवार को ‘देव पूजन वैशी’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का आयोजन

इस धार्मिक अनुष्ठान में प्रदेश की खेल एवं महिला कल्याण मंत्री रेखा आर्या ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम में पहुँचने पर कैबिनेट मंत्री ने मंदिर में विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की। इस दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने मंत्री का जोरदार स्वागत किया।

धार्मिक स्थलों का संरक्षण सरकार की प्राथमिकता

जनसभा को संबोधित करते हुए मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि उत्तराखंड सरकार विकास कार्यों के साथ-साथ राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत को सहेजने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने जोर देकर कहा, “देवभूमि की पहचान यहाँ के तीर्थ स्थलों से है। सरकार मानसखंड माला योजना के जरिए विभिन्न मंदिरों का जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण कर रही है।” मंत्री ने बताया कि धार्मिक स्थलों के विकास से न केवल पर्यटन को नई ऊंचाइयां मिलेंगी, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए स्वरोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश की सांस्कृतिक जड़ों को मजबूत करना सरकार की मुख्य प्राथमिकताओं में शामिल है।

रहे उपस्थित

इस अवसर पर ग्राम प्रधान विनोद बोरा, क्षेत्र पंचायत सदस्य विनोद मेहरा, मंदिर समिति के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण व गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।