अल्मोड़ा: पुरानी रंजिश में युवक की निर्मम हत्या, हत्या का आरोपी कुछ घंटों में सलाखों के पीछे, पूछताछ में कबूली यह बात

अल्मोड़ा: जनपद के मजखाली क्षेत्र के ऐना गांव में हुई एक सनसनीखेज हत्या की वारदात ने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया है।

आरोपी गिरफ्तार

यहां पुरानी रंजिश के चलते एक व्यक्ति ने युवक की गला रेतकर हत्या कर दी, जबकि बीच-बचाव करने आईं दो महिलाओं को हथौड़े और धारदार हथियार से गंभीर रूप से घायल कर दिया। अल्मोड़ा पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घटना के कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मिली जानकारी के अनुसार, 10 जुलाई 2026 की रात ऐना गांव में जगत सिंह बोरा नाम के व्यक्ति ने सागर सिंह नामक युवक पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटना के दौरान सागर की माता जानकी देवी और दादी शोभा देवी ने जब उसे बचाने का प्रयास किया, तो आरोपी ने उन पर भी हथौड़े और धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया। दोनों घायल महिलाओं का अस्पताल में उपचार चल रहा है।

पुलिस की कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) अल्मोड़ा चन्द्रशेखर घोडके, अपर पुलिस अधीक्षक हरबन्स सिंह और सीओ रानीखेत भावना कैंथोला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए गए। मृतक के फुफेरे भाई नीरज बोरा की तहरीर पर कोतवाली रानीखेत में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 और 109 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

पूछताछ में खुलासा

कोतवाली रानीखेत के प्रभारी निरीक्षक श्री भुवन चन्द्र जोशी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने नामजद आरोपी जगत सिंह बोरा को कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार किया। उसने बताया कि करीब दो माह पूर्व एक शादी समारोह के दौरान मृतक और उसके भाई के साथ हुए विवाद की रंजिश के चलते उसने इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू और लोहे का घन भी बरामद कर लिया है।

रहे शामिल

आरोपी को पकड़ने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक भुवन चन्द्र जोशी, का0 कमल गोस्वामी, का0 वरूण राज टम्टा और होमगार्ड आनन्द सिंह शामिल रहे।