अल्मोड़ा: युवा कांग्रेस अल्मोड़ा, उत्तराखंड द्वारा हल्द्वानी में नाबालिग के साथ कथित दुष्कर्म के मामले को लेकर भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया तथा सरकार का पुतला दहन कर महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग उठाई गई।
कहीं यह बात
इस अवसर पर पूर्व प्रदेश महासचिव, युवा कांग्रेस उत्तराखंड एवं क्षेत्र पंचायत सदस्य गोपाल भट्ट ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पिछले 10 वर्षों में उत्तराखंड के प्रत्येक जिले से महिला अपराधों के गंभीर मामले सामने आए हैं। दुर्भाग्यपूर्ण है कि ऐसे अनेक मामलों में भाजपा और उससे जुड़े संगठनों के लोगों के नाम सामने आए हैं। सरकार को इन मामलों पर अपनी जवाबदेही तय करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि एक ओर पूरा प्रदेश अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित VIP की भूमिका की निष्पक्ष जांच और दोषियों को सजा दिलाने की मांग को लेकर आंदोलनरत है, वहीं दूसरी ओर भाजपा सरकार अपनी नाकामियों से ध्यान भटकाने में लगी है। प्रदेश की युवा पीढ़ी, महिलाएं, किसान और छात्र अब सरकार की कार्यशैली तथा सत्ता के कथित दुरुपयोग को समझ चुके हैं। उत्तराखंड की जागरूक जनता आने वाले समय में भाजपा को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाएगी।
की यह मांग
युवा कांग्रेस ने कहा भाजपा शासन में महिला सुरक्षा के दावों की पोल हल्द्वानी की घटना ने खोलकर रख दी है। जब प्रदेश में बेटियां सुरक्षित नहीं हैं, तो सरकार के महिला सुरक्षा संबंधी बड़े-बड़े दावों का क्या औचित्य है? भाजपा को दूसरों को उपदेश देने से पहले अपने राजनीतिक और संगठनात्मक संरक्षण से जुड़े सवालों का जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि हल्द्वानी में एक नाबालिग के साथ कथित दुष्कर्म के मामले में भाजपा से जुड़े छात्र संगठन ABVP के छात्रसंघ अध्यक्ष पद के प्रत्याशी समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने की खबर अत्यंत गंभीर और चिंताजनक है। यह मामला प्रदेश की कानून-व्यवस्था और महिला सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है। युवा कांग्रेस ने मांग की कि हल्द्वानी प्रकरण की निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच कराई जाए, सभी आरोपियों के विरुद्ध साक्ष्यों के आधार पर कठोर कानूनी कार्रवाई हो तथा पीड़िता को तत्काल सुरक्षा, न्याय और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाए। जिला अध्यक्ष युवा कांग्रेस विक्रम सिंह फर्त्याल ने कहा कि बेटियों की सुरक्षा पर चुनावी नारे नहीं, बल्कि ठोस जवाब और कार्रवाई चाहिए। कानून सबके लिए समान है, चाहे आरोपी किसी भी राजनीतिक दल या संगठन से जुड़ा हो। पीड़िता को न्याय मिलना चाहिए, न कि आरोपियों को किसी प्रकार का राजनीतिक संरक्षण।
रहें उपस्थित
कार्यकम में युवा कांग्रेस के पूर्व प्रदेश महासचिव एवं क्षेत्र पंचायत सदस्य गोपाल भट्ट जिला अध्यक्ष युवा कांग्रेस अल्मोड़ा विक्रम सिंह फर्त्याल जिला उपाध्यक्ष युवा कांग्रेस संतोष कुमार युवा कांग्रेस जिला सचिव अमन लटवाल जिला उपाध्यक्ष रोहित पंत नगर अध्यक्ष युवा कांग्रेस गौरव जोशी प्रदेश सचिव कांग्रेस कमेटी किरन आर्या जिला महासचिव युवा कांग्रेस पारस डसिला तनुजा आर्या कांग्रेस नेता जगदीश पाड़े आदि कार्यक्रम में युवा कांग्रेस के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय युवा साथी उपस्थित रहे।