एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप: उत्तराखंड के समीर बोहरा का शानदार प्रदर्शन, फाइनल में मारी एंट्री





पिथौरागढ़: उज्बेकिस्तान की राजधानी ताशकंद में एशियन बॉक्सिंग अंडर-15 एवं जूनियर चैंपियनशिप आयोजित हो रही है।


फाइनल में किया प्रवेश


जिसमें उत्तराखंड के उभरते मुक्केबाज समीर बोहरा ने अपने मुक्कों का दम दिखाकर अंतरराष्ट्रीय फलक पर प्रदेश का मान बढ़ाया है। पिथौरागढ़ के रहने वाले समीर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रतियोगिता के फाइनल में प्रवेश कर लिया है, जिसके साथ ही भारत के लिए उनका एक पदक पक्का हो गया है।‌रविवार को खेले गए अंडर-15 बालक वर्ग के सेमीफाइनल मुकाबले में समीर बोहरा का सामना मेज़बान देश उज्बेकिस्तान के मुक्केबाज़ अदिज़बेक इल्खोमबेकोव से था। घरेलू दर्शकों के बीच खेल रहे उज्बेक खिलाड़ी पर समीर शुरू से ही भारी पड़े। उन्होंने अपनी तकनीक और फुर्ती का बेजोड़ नमूना पेश करते हुए यह मुकाबला 4-1 के अंतर से जीतकर फाइनल में जगह बनाई। अब स्वर्ण पदक के लिए समीर का मुकाबला दूसरे सेमीफाइनल के विजेता से होगा। फाइनल में पहुंचने के साथ ही समीर ने कम से कम रजत पदक सुनिश्चित कर लिया है। उनकी इस उपलब्धि पर खेल प्रेमियों में खुशी की लहर है।