श्रीनगर: बाबा बर्फानी के भक्तों का इंतजार खत्म हो गया है। जी हां श्री अमरनाथ जी श्राइन बोर्ड ने वर्ष 2026 की वार्षिक तीर्थयात्रा की आधिकारिक घोषणा कर दी है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस वर्ष पवित्र अमरनाथ यात्रा जुलाई में शुरू होगी। जो 3 जुलाई 2026 से शुरू होकर 28 अगस्त 2026 (रक्षाबंधन) तक चलेगी। यात्रा के औपचारिक आगाज से पहले आध्यात्मिक शुरुआत 29 जून 2026 को ‘ज्येष्ठ पूर्णिमा’ के दिन होगी। इस दिन पवित्र गुफा में प्रथम पूजा का आयोजन किया जाएगा। 57 दिनों तक चलने वाली इस यात्रा में देश-दुनिया से लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के प्रबंधन और सुरक्षा के लिए श्राइन बोर्ड ने अग्रिम पंजीकरण अनिवार्य किया है। रजिस्ट्रेशन की शुरुआत 15 अप्रैल 2026 से होगी। ऑफलाइन माध्यम से देशभर में PNB, SBI, जम्मू-कश्मीर बैंक और यस बैंक की 554 शाखाओं पर पंजीकरण कराया जा सकता है। भक्त श्राइन बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट और मोबाइल ऐप के जरिए घर बैठे आवेदन कर सकेंगे। इसके अलावा अत्यधिक ऊंचाई और दुर्गम रास्तों को देखते हुए, यात्रा के लिए अनिवार्य स्वास्थ्य प्रमाणपत्र (CHB) आवश्यक है।