बागेश्वर: जनपद के वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों के जीवन को सुगम बनाने के उद्देश्य से आगामी 24 जून को बागेश्वर के प्रसिद्ध नुमाइश मैदान में एक भव्य ‘कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण वितरण शिविर’ का आयोजन होने जा रहा है।
दी यह जानकारी
भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (ALIMCO), कानपुर के तत्वाधान में आयोजित होने वाले इस शिविर में चिन्हित लाभार्थियों को पूरी तरह निःशुल्क जीवन सहायक उपकरण बांटे जाएंगे। जिला समाज कल्याण अधिकारी हेम तिवारी ने जानकारी देते हुए बताया कि पूर्व में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में चिन्हींकरण (आइडेंटिफिकेशन) शिविर लगाए गए थे। उन शिविरों में जिन भी बुजुर्गों और दिव्यांगजनों ने अपना पंजीकरण कराया था, वे सभी इस वितरण शिविर का लाभ उठा सकते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी चिन्हित लाभार्थियों को अपने साथ चिन्हींकरण पर्ची और आधार कार्ड लेकर 24 जून को सुबह 10:00 बजे नुमाइश मैदान पहुंचना अनिवार्य है।
व्हीलचेयर, बैसाखी से लेकर कृत्रिम दांतों का होगा वितरण
शिविर के दौरान पात्र व्यक्तियों को उनकी जरूरत और पूर्व पंजीकरण के आधार पर कई प्रकार के उपकरण दिए जाएंगे, जिनमें मुख्य रूप से शामिल हैं।
• व्हीलचेयर और बैसाखी
• कान की मशीन (हियरिंग एड)
• नजर के चश्मे और वॉकिंग स्टिक (छड़ी)
• कृत्रिम दांत (डेंट्योर)
मौके पर ही जारी होंगे दिव्यांगता प्रमाण पत्र
इस शिविर की एक और बड़ी विशेषता यह होगी कि यहाँ विशेषज्ञ डॉक्टरों की एक विशेष टीम तैनात रहेगी। यह टीम मानसिक दिव्यांगता के साथ-साथ नाक, कान और गला (ENT) संबंधी विकारों से पीड़ित व्यक्तियों का मौके पर ही परीक्षण करेगी। जिन लोगों के पास दिव्यांगता प्रमाण पत्र नहीं हैं, उन्हें जांच के बाद मौके पर ही प्रमाण पत्र भी जारी कर दिए जाएंगे। समाज कल्याण अधिकारी ने जनपद के सभी पंजीकृत और जरूरतमंद लोगों से अपील की है कि वे समय से नुमाइश मैदान पहुंचकर इस जनकल्याणकारी शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।