बागेश्वर: 83 वाहन चालकों के खिलाफ की गई कार्यवाही, मोबाइल कान में लगाकर वाहन चलाने वाले अधिक मिले, एक वाहन  सीज

यातायात के नियमों का पालन नहीं करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ पुलिस का अभियान जारी है। एक दिन में पुलिस ने 83 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की और एक वाहन सीज किया। इसके अलावा गोष्ठी के माध्यम से जागरूकता कार्यक्रम भी चलाया। इसके बावजूद भी जिले के वाहन चालक बाज नहीं आ रहे हैं। चेकिंग के दौरान मोबाइल फोन कान में लगाकार वाहन चलाने वाले अधिक मिले।

खतरनाक तरीके से वाहन चलाने वालों की सघन चेकिंग की गई

जिले के सभी थाना, चौकी प्रभारियों ने अपने क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया। इसमें नाबालिग वाहन चालकों,  शराब पीकर वाहन चलाने, ओवर स्पीड, मोबाइल प्रयोग कर खतरनाक तरीके से वाहन चलाने वालों की सघन चेकिंग की गई। बिना हेलमेट, बिना कागजात, बिना डीएल व दोषपूर्ण नंबर प्लेट लगाकर वाहन चलाने की जांच की गई। साथ ही  कोविड नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भी नजर रखी गई। 83 लोग इसमें दोषी पाए गए।

गोष्ठी का आयोजन कर ग्रामीणों को जागरूक किया

इसके अलावा थानाध्यक्ष कांडा ने थाना क्षेत्राअंतर्गत ग्राम सिनकूना, सानिउडियार में गोष्ठी का आयोजन कर ग्रामीणों को जागरूक किया। वरिष्ठ नागरिक एवं सीएलजी मेंबर एवं ग्राम प्रधान, ग्राम प्रहरियों को उनके दायित्वों से अवगत कराते हुए क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री एवं नशा करने वालों को चिह्नत कर पुलिस को सूचित करने की अपील की। महिला हिंसा रोकने के लिए जारी हेल्पलाइन नंबर के बारे में भी बताया।