बागेश्वर: बागेश्वर में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत निर्वाचक नामावली में पाई गई विसंगतियों से संबंधित दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया के तहत जनपद में 3 अगस्त से 31 अगस्त तक नोटिसों पर सुनवाई की जा रही है।
ली यह जानकारी
इसी क्रम में आज मंगलवार को जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अपूर्वा पाण्डे ने बूथ संख्या-141 प्राथमिक विद्यालय बिलोना नवीन तथा बूथ संख्या-128 प्राथमिक विद्यालय खोली में चल रही नोटिस सुनवाई प्रक्रिया का निरीक्षण किया। इस दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से सुनवाई की प्रक्रिया, अभिलेखों के रखरखाव, नोटिसों के निस्तारण की प्रगति की जानकारी ली तथा नोटिस प्राप्त मतदाताओं से भी फीडबैक प्राप्त किया। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक दावा एवं आपत्ति का निष्पक्ष, पारदर्शी एवं समयबद्ध निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि संपूर्ण प्रक्रिया भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप संचालित हो तथा प्रत्येक पात्र मतदाता को अपना पक्ष रखने का पूरा अवसर दिया जाए। उन्होंने बीएलओ की रिपोर्ट पर संबंधित बीएलए के हस्ताक्षर सुनिश्चित कराने के भी निर्देश दिए। प्राथमिक विद्यालय बिलोना नवीन मतदान केंद्र पर कुल 1008 मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें से 194 मतदाताओं को नोटिस प्राप्त हुए हैं। वहीं प्राथमिक विद्यालय खोली मतदान केंद्र पर कुल 675 मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें 133 मतदाताओं को नोटिस प्राप्त हुए हैं।
रहें उपस्थित
इस दौरान एसडीएम प्रियंका रानी,एआरओ हेम चंद्र तिवारी, रितु गोस्वामी, सहायक निर्वाचन अधिकारी धनीराम टमटा, सुपरवाइजर परविंदर नेगी, बीएलओ शोभा देवी और नीमा देवी उपस्थित रहे।