बागेश्वर: नशे पर शिकंजा कसने की तैयारी: डीएम अपूर्वा पाण्डे की अध्यक्षता में हुई एनकोर्ड की बैठक, ठेलापाटन नशा मुक्ति केंद्र के काम में तेजी के निर्देश

​बागेश्वर: जनपद में मादक पदार्थों की रोकथाम, अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण और नशे के दुष्प्रभावों से युवाओं को बचाने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है।

बैठक का आयोजन

इसी कड़ी में जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे की अध्यक्षता में ‘एनकोर्ड’ (NCORD) की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें नशे के खिलाफ उठाए जा रहे कदमों की गहन समीक्षा की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक जितेंद्र मेहरा ने बताया कि पुलिस विभाग द्वारा मादक पदार्थों और अवैध शराब के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसके साथ ही अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए कई कदम उठाए गए हैं, जिसमें भांग की अवैध खेती को नष्ट करने की कार्रवाई भी शामिल है। जिलाधिकारी ने आबकारी विभाग को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि जिले के सभी बार और संबंधित प्रतिष्ठान नियमों और निर्धारित लाइसेंस के तहत ही संचालित हों। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

​औषधि प्रतिष्ठानों पर रखी जा रही है कड़ी नज़र

औषधि निरीक्षक पूजा रानी ने बैठक में जानकारी दी कि जिले में औषधि प्रतिष्ठानों का नियमित निरीक्षण किया जा रहा है। नारकोटिक और साइकोट्रोपिक औषधियों की बिक्री के दौरान नियमों का पालन हो रहा है या नहीं, इसकी जांच के लिए दस्तावेजों, पंजीकरण और चिकित्सकीय पर्चों के रखरखाव की बारीकी से पड़ताल की जा रही है।‌ जिलाधिकारी ने शिक्षा, बाल कल्याण समिति और स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए हैं कि वे आपसी समन्वय से नशे की समस्या से प्रभावित बच्चों और किशोरों की पहचान कर उनकी सहायता करें। उन्होंने इस बात पर विशेष जोर दिया कि ऐसे मामलों में बच्चों की गोपनीयता और गरिमा का पूरा ध्यान रखते हुए उन्हें उचित परामर्श, स्वास्थ्य परीक्षण और सहायता उपलब्ध कराई जाए। इसके अलावा, जिलाधिकारी ने ठेलापाटन में निर्माणाधीन नशा मुक्ति केंद्र के निर्माण कार्य की प्रगति की भी समीक्षा की और कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि इस केंद्र की प्रगति रिपोर्ट हर बैठक में प्रस्तुत की जाए।
​
रहें मौजूद

इस बैठक में पुलिस अधीक्षक जितेंद्र मेहरा, अपर जिलाधिकारी एन.एस. नबियाल, पुलिस उपाधीक्षक अजय शाह, औषधि निरीक्षक पूजा रानी, पुलिस निरीक्षक सल्लाउद्दीन, एसीएमओ अनुपमा ह्यांकी और मुख्य कृषि अधिकारी सहित कई अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।