बागेश्वर से जुड़ी खबर सामने आई है। बागेश्वर में करीब दो साल से सुरक्षा कारणों से बंद ऐतिहासिक व नगर के कत्यूर बाजार को दुग बाजार से जोड़ने वाले इस झूला पुल का जल्द मरम्मत का कार्य शुरू होगा। अंग्रेजों के शासन काल में वर्ष 1913 में इसका निर्माण कराया गया था।
नव निर्माण के लिए निविदा प्रक्रिया शुरू
मिली जानकारी के अनुसार इसकी मरम्मत के लिए शासन से 1,79,89,000 रुपये की वित्तीय और प्रशासकीय स्वीकृति मिल गई है। जिसके बाद कार्यदायी संस्था लोनिवि ने स्वीकृत राशि से झूला पुल का नव निर्माण कराने की बात कही है। दरअसल यह पुल सरयू नदी के आर-पार जाने का मुख्य साधन हुआ करता था। जुलाई 2023 में तत्कालीन डीएम अनुराधा पाल ने पुल के अबटमेंट में आई दरार के कारण पुल को सुरक्षा कारणों से आवाजाही के लिए बंद कर दिया था। जिससे व्यापारियों को नुकसान झेलना पड़ रहा है। जिसके बाद से लगातार व्यापारी पुल खोलने की मांग कर रहे थे। पिछले साल दिल्ली की कंपनी के माध्यम से पुल की जांच कराई गई थी। जिसके आधार पर लोनिवि कपकोट ने पुल की मरम्मत के लिए प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा था।