देश दुनिया की खबरों से हम आपको रूबरू कराते रहते हैं। एक ऐसी खबर हम आपके सामने लाए हैं। केंद्रीय खेल मंत्रालय ने भारतीय कुश्ती महासंघ की नवनिर्वाचित संस्था को सस्पेंड कर दिया है।
भारतीय कुश्ती महासंघ को किया सस्पेंड
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक भारतीय कुश्ती महासंघ के नए अध्यक्ष संजय सिंह द्वारा अंडर-15 और अंडर-20 राष्ट्रीय प्रतियोगिताएं गोंडा में होने की घोषणा के बाद खेल मंत्रालय ने नवनिर्वाचित भारतीय कुश्ती महासंघ को निलंबित कर दिया है। खेल मंत्रालय ने एक बयान जारी कहा कि राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की घोषणा जल्दबाजी में की गई और उचित प्रक्रिया का पालन नहीं किया गया। इसके साथ ही इस फैसले के बाद अब संजय सिंह WFI के अध्यक्ष नहीं रह पाएंगे।
पहलवानों में था रोष
वही संजय सिंह के नये अध्यक्ष बनने पर पहलवानों ने नाराजगी भी जताई थी। संजय सिंह के WFI अध्यक्ष बनते ही ओलंपिक पदक विजेता पहलवान साक्षी मलिक ने कुश्ती छोड़ने की घोषणा की उन्होंने संन्यास का ऐलान करते हुए कहा कि संजय सिंह, बृजभूषण सिंह के करीबी हैं और इसलिए नए कुश्ती निकाय से न्याय की उम्मीद करना बेकार है। इसके अलावा बजरंग पूनिया ने अपना पदमश्री सम्मान वापस लौटने का ऐलान किया था।