उत्तराखंड के श्रीनगर और देहरादून मेडिकल कॉलेज में स्थापित हुई कैथ लैब, हृदय रोगियों को मिलेगी बड़ी राहत

​उत्तराखंड: उत्तराखंड में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में राज्य सरकार ने एक और बड़ा कदम उठाया है। जिस पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर (पौड़ी गढ़वाल) और देहरादून में अत्याधुनिक कैथ लैब की स्थापना की जानकारी दी है।

दी यह जानकारी

जानकारी के अनुसार इस पहल से प्रदेश के हृदय रोगियों को अब एंजियोग्राफी और एंजियोप्लास्टी जैसी गंभीर व आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं अपने ही राज्य में आसानी से मिल सकेंगी। इस संबंध में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर अपनी पोस्ट के जरिए बताया कि प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं को आधुनिक, सुदृढ़ और पारदर्शी बनाने के लिए सरकार पूरी तरह संकल्पबद्ध है। श्रीनगर और देहरादून में कैथ लैब की शुरुआत राज्य के स्वास्थ्य क्षेत्र में एक बड़ी और महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

​
​आयुष्मान कार्ड धारकों को मिलेगा मुफ्त इलाज

​कैथ लैब के चालू होने से दिल की बीमारियों से जूझ रहे मरीजों को सटीक और समय पर इलाज मिल सकेगा। इस लैब के माध्यम से मरीजों को एंजियोग्राफी और एंजियोप्लास्टी जैसी महंगी और जटिल सुविधाएं अत्यंत कम दरों पर मिलेंगी, जबकि आयुष्मान कार्ड धारकों के लिए यह सुविधा पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी।