उत्तराखंड: उत्तराखंड में स्थित विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा आगामी 19 अप्रैल से शुरू हो रही है। चार धाम यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह है, लेकिन इसी उत्साह के बीच साइबर अपराधियों ने भी अपना जाल बिछाना शुरू कर दिया है।
साइबर ठगों से रहें सावधान
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक उत्तराखंड पुलिस और साइबर सेल ने श्रद्धालुओं को चेतावनी जारी की है कि वे यात्रा की बुकिंग के दौरान अत्यधिक सावधानी बरतें। साइबर जालसाज विशेष रूप से केदारनाथ धाम के लिए हेलीकॉप्टर सेवा बुक करने के इच्छुक तीर्थयात्रियों को निशाना बना रहे हैं। ये अपराधी हूबहू असली जैसी दिखने वाली नकली वेबसाइटें बनाते हैं। श्रद्धालु असली और नकली के बीच अंतर नहीं कर पाते और अपनी मेहनत की कमाई गंवा बैठते हैं। उत्तराखंड पुलिस ने स्पष्ट किया है कि हेलीकॉप्टर टिकटों की बुकिंग केवल आधिकारिक वेबसाइट https://heliyatra.irctc.co.in के माध्यम से ही की जानी चाहिए।