सावधान: अज्ञात नंबर से आने वाली कॉल को करें इग्नोर , नहीं तो आप भी हो सकते हैं हनी ट्रैप का शिकार

वर्तमान में ऐसे कई प्रकरण देखने में आ रहे हैं, जिसमें अज्ञात नम्बरों से अश्लील वीडियो कॉल की जाती है तथा बाद में पीड़ित को बदनाम करने तथा वीडियो वॉयरल करने के नाम से लाखों रुपयों की मांग की जाती हैं। अतः समस्त जनता से अपील है कि वह अज्ञात नम्बर से आने वाले वीडियो कॉल को रिसीव न करें, यदि ऐसा कोई प्रकरण आपके साथ होता है तो तुरंत उसकी सूचना नजदीकी पुलिस थाने अथवा साइबर सैल को दें।

जानें पूरा मामला

ऐसा ही एक हनी ट्रैप का प्रकरण पिथौरागढ़ में देखने को मिला है।   दिनाँक- 23.04.2023 को शिकायतकर्ता भाष्कर सिंह निवासी- खती गाँव, गंगोलीहाट जिला पिथौरागढ़ द्वारा थाना गंगोलीहाट में तहरीर दी गई थी कि दिनांक- 22.01.2023 को उन्हें व्हाट्सएप पर एक अज्ञात नम्बर से वीडियो कॉल आई, जिसमें एक लड़की द्वारा अश्लील वीडियो कॉल करते हुए वादी की रिकॉर्डिंग की गई। इसके पश्चात वादी को अज्ञात नम्बरों से कॉल आने लगे, जिनके द्वारा वादी की वीडियो को सोशल मीडिया में वॉयरल कर बदनाम करने के नाम पर वादी से विभिन्न खातों में कुल- 45,230/- (पैंतालीस हजार दो सौ तीस) रु0 डलवाये गए।

अभियुक्त अलवर राजस्थान से गिरफ्तार

शिकायतकर्ता की तहरीर के आधार पर अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध थाना गंगोलीहाट में धारा- 420 भा0द0वि0 के अन्तर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया, जिसकी विवेचना उ0नि0 हरीश सिंह, चौकी प्रभारी पनार द्वारा की जा रही थी। पुलिस अधीक्षक पिथौरागढ़, लोकेश्वर सिंह के आदेशानुसार, मुकदमा उपरोक्त में अभियुक्त की गिरफ्तारी हेतु टीम गठित की गई। जिस पर पुलिस टीम द्वारा साइबर सैल की मदद से गहन पतारसी- सुरागरसी करते हुए विवेचना के दौरान प्रकाश में आये अभियुक्त, सुजीत दास निवासी- अलवर राजस्थान को थाना शेरपुर, अलवर जिला राजस्थान से गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त को मा0 न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।

पुलिस की जनता से अपील

वहीं पिथौरागढ़ पुलिस ने  आम जनता से अपील की है की किसी भी अज्ञात नम्बर से आने वाले वीडियो कॉल को रिसीव न करें, यदि ऐसा कोई प्रकरण आपके साथ होता है तो तुरंत उसकी सूचना नजदीकी पुलिस थाने अथवा साइबर सैल को दें।