देश दुनिया की खबरों से हम आपको रूबरू कराते रहते हैं। एक ऐसी खबर हम आपके सामने लाए हैं। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) का प्रदर्शन लगातार उग्र होता जा रहा है।
प्रदर्शन शुरू
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सोमवार को प्रदर्शनकारियों और दिल्ली पुलिस के बीच हुए जबरदस्त टकराव में कई छात्रों के साथ बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी घायल हो गए। कनॉट प्लेस में रीगल सिनेमा के पास विरोध प्रदर्शन के दौरान जमकर हिंसा, पथराव और पुलिस वाहनों में तोड़फोड़ हुई। दिल्ली पुलिस ने इस सिलसिले में अज्ञात उपद्रवियों के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज की है। भारी भीड़ और सुरक्षा स्थिति को देखते हुए दिल्ली मेट्रो (DMRC) ने राजीव चौक, जनपथ, पटेल चौक, केंद्रीय सचिवालय और सेवा तीर्थ मेट्रो स्टेशनों को कई घंटों के लिए बंद कर दिया था, जिससे आम यात्रियों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। इसके बाद पुलिस ने शाम 5 बजे जंतर-मंतर को खाली करा दिया। हालांकि, सीजेपी ने मंगलवार को फिर से जंतर-मंतर पर प्रदर्शन शुरू कर संसद मार्च का आह्वान किया है। जंतर-मंतर से हटाए जाने के बाद सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके, सौरव दास, आशुतोष रांका और सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजलि केरल हाउस के बाहर धरने पर बैठ गए। सीजेपी के नेताओं का कहना है कि जब तक केंद्रीय शिक्षा मंत्री का इस्तीफा नहीं होता, उनका आंदोलन जारी रहेगा और वे पीछे नहीं हटेंगे। वहीं सीजेपी के आंदोलन को राजनीतिक समर्थन भी मिल रहा है। समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव ने छात्रों के समर्थन में मार्च निकाला, जिसके बाद दिल्ली पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया था। इस बीच सीजेपी के एक प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात कर अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपा, जिसमें शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को पद से हटाने की मुख्य मांग रखी गई है।
अनशन तोड़ने से इंकार
रिपोर्ट्स के मुताबिक पुलिस कार्रवाई और बर्बरता का आरोप लगाते हुए सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने अनशन तोड़ने से इनकार कर दिया है। वीएमएमसी एवं सफदरजंग अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार, वांगचुक के वाइटल पैरामीटर्स स्थिर हैं, लेकिन ब्लड शुगर स्तर काफी कम है। वे पैनसाइटोपेनिया (एनीमिया और सफेद रक्त कोशिकाओं की कमी) से पीड़ित हैं। डॉक्टरों की सलाह के बावजूद उन्होंने नसों के जरिए तरल पदार्थ (IV फ्लूइड्स) और ग्लूकोज लेने से मना कर दिया है। उन्हें फिलहाल ओरल रिहाइड्रेशन सॉल्यूशन (ORS) और पोटैशियम सप्लीमेंट दिए जा रहे हैं।
अस्पताल में बढ़ी सुरक्षा
वहीं अस्पताल में वांगचुक की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। दिल्ली हाईकोर्ट ने सफदरजंग अस्पताल से उनकी मेडिकल रिपोर्ट और हेल्थ बुलेटिन तलब की है, जिस पर अदालत मंगलवार को फैसला लेगी।