दीजिए बधाई: काकड़ीघाट के गौरव छिम्वाल ने उत्तराखंड को किया गौरवान्वित, UPSC परीक्षा में हासिल की इतनी रैंक

नैनीताल से जुड़ी खबर सामने आई है।‌ कठिन परिश्रम और लगन हमें हमारी मंजिल तक पंहुचा ही देती है। बस हिम्मत कभी नहीं माननी चाहिए।‌ नैनीताल जिले के छोटे से गांव काकड़ीघाट के बेटे गौरव छिम्वाल ने कठिन परिश्रम से यूपीएससी की सिविल सेवा परीक्षा पास की है। इससे पहले गौरव ने समीक्षा अधिकारी की परीक्षा भी उत्तीर्ण की थी।

सिविल सेवा परीक्षा में 564वीं रैंक हासिल की

जानकारी के अनुसार गौरव छिम्वाल ने सिविल सेवा परीक्षा में 564वीं रैंक हासिल कर पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित किया है। गौरव की प्रारंभिक शिक्षा सरस्वती शिशु मंदिर, सुयालबाड़ी से हुई। इंटरमीडिएट की पढ़ाई उन्होंने राजकीय इंटर कॉलेज, ढोकाने (रामगढ़ ब्लॉक) से की और फिर स्नातक की डिग्री सोबन सिंह जीना परिसर, अल्मोड़ा से बीएससी में प्राप्त की। गौरव के पिता नरेंद्र मोहन छिम्वाल काकड़ीघाट में एक छोटी सी दुकान चलाते हैं और मां गीता छिम्वाल एक गृहिणी हैं।

परिवार व क्षेत्र में खुशी की लहर

गौरव का यूपीएससी में यह चौथा प्रयास था। गौरव की सफलता उन युवाओं के लिए प्रेरणा है जो सीमित संसाधनों में भी बड़े सपने देखते हैं। सिविल सेवा की तैयारी के लिए उन्होंने केवल छह महीने की ऑनलाइन कोचिंग की। गौरव ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता के साथ-साथ दृष्टि संस्थान के विकास दिव्यकीर्ति को दिया है।‌