नहीं रहे जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे, भारत में राष्ट्रीय शोक का एलान

जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे नहीं रहे। पश्चिमी जापान के नारा शहर में एक चुनावी सभा में भाषण के दौरान शुक्रवार सुबह उन्हें गोली मारी गई थी, जिसके बाद उन्हें कार्डियक अरेस्ट भी आया था। घटना के बाद शिंजो आबे को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। शिंजो आबे के निधन पर उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू और पीएम मोदी ने दुख जताया और 1 दिन के राष्ट्रीय शोक का एलान किया।

उपराष्ट्रपति नायडू ने ट्वीट संदेश में कहा, “जापान के पूर्व प्रधानमंत्री श्री शिंजो आबे के निधन से दुखी हूं। श्री आबे ने भारत-जापान संबंधों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके परिवार के सदस्यों और जापान के लोगों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है।”

शिंजो आबे के निधन पर PM मोदी ने जताया दुख, 1 दिन के राजकीय शोक का एलान

पीएम मोदी ने शुक्रवार को जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए 9 जुलाई को एक दिवसीय राजकीय शोक की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि आज पूरा भारत जापान के साथ शोक में है और हम इस कठिन घड़ी में अपने जापानी भाइयों और बहनों के साथ खड़े हैं।

पीएम मोदी ने सिलसिलेवार किए ट्वीट

प्रधानमंत्री मोदी ने सिलसिलेवार ट्वीट कर कहा, “पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे के प्रति हमारे गहरे सम्मान के प्रतीक के रूप में, 9 जुलाई 2022 को एक दिन का राष्ट्रीय शोक मनाया जाएगा।”

प्रधानमंत्री ने कहा, “मैं अपने सबसे प्यारे दोस्तों में से एक शिंजो आबे के दुखद निधन पर स्तब्ध और दुखी हूं। वह एक महान वैश्विक राजनेता, एक उत्कृष्ट नेता और एक उल्लेखनीय प्रशासक थे। उन्होंने जापान और दुनिया को एक बेहतर जगह बनाने के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया।”

उन्होंने कहा, “श्री आबे के साथ मेरा जुड़ाव कई साल पुराना है। मैं गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान उन्हें जानता था और मेरे पीएम बनने के बाद भी हमारी दोस्ती जारी रही। अर्थव्यवस्था और वैश्विक मामलों पर उनकी तीक्ष्ण अंतर्दृष्टि ने हमेशा मुझ पर गहरी छाप छोड़ी।”

पीएम मोदी ने कहा, “अपनी हाल की जापान यात्रा के दौरान, मुझे श्री आबे से दोबारा मिलने और कई मुद्दों पर चर्चा करने का अवसर मिला। वह हमेशा की तरह हाजिर जवाब और व्यावहारिक थे। मुझे क्या पता था कि यह हमारी आखिरी मुलाकात होगी। उनके परिवार और जापानी लोगों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना।”

इसके आगे पीएम मोदी ने कहा, “श्री आबे ने भारत-जापान संबंधों को एक विशेष सामरिक और वैश्विक साझेदारी के स्तर तक बढ़ाने में बहुत बड़ा योगदान दिया। आज पूरा भारत जापान के साथ शोक में है और हम इस कठिन घड़ी में अपने जापानी भाइयों और बहनों के साथ खड़े हैं।”

जबकि शिंजो आबे को गोली लगने की खबर मिलने के कुछ देर बाद ही भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन पर हुए हमले पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि उनके विचार और प्रार्थनाएं जापान की जनता के साथ हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट संदेश में कहा था- “मैं प्रिय मित्र शिंजो आबे पर हुए हमले से बहुत व्यथित हूं। हमारे विचार और प्रार्थनाएं उनके, उनके परिवार और जापान के लोगों के साथ हैं।”

विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने किया ट्वीट

वहीं विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा कि आज का दिन जापान, भारत, दुनिया और उनके लिए व्यक्तिगत रूप से एक दुखद दिन है। उनकी शिंजो आबे से जुड़ी 25 वर्षों की यादें हैं। उन्हें व्यक्त करने के लिए उनके पास शब्द नहीं हैं।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने ट्वीट में कहा

उधर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने आबे के निधन पर कहा कि वे इस खबर से दुखी हैं। एक वरिष्ठ राजनेता और लोकप्रिय नेता आबे को भारत-जापान संबंधों के स्तंभ के रूप में याद किया जाएगा। उनके परिवार और दुनिया भर में उनके प्रशंसकों के प्रति हार्दिक संवेदना।

अभी-अभी जापान-भारत एसोसिएशन के अध्यक्ष के रूप में संभाला था पदभार

पीएम मोदी ने जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे के साथ अपनी हालिया मुलाकात की तस्वीर साझा की और कहा कि भारत-जापान संबंधों को मजबूत करने के लिए हमेशा भावुक रहने वाले आबे ने अभी-अभी जापान-भारत एसोसिएशन के अध्यक्ष के रूप में पदभार संभाला था।

शिंजो आबे पर हमले के कुछ घंटे बाद राजधानी टोक्यों में एक भावनात्मक भाषण देते हुए प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा ने कहा- ‘यह ‘घृणित कार्य’ है। मैं इस हमले की कड़े शब्दों में निंदा करता हूं। लोकतंत्र में ऐसी हिंसा की कोई जगह नहीं है।

आगे उन्होंने कहा था कि देश में चुनाव चल रहे हैं। यह लोकतंत्र की बुनियाद पर हमला है। यह बर्बर और दुर्भावनापूर्ण है। इसे बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। हम जो कुछ भी कर सकते हैं, करेंगे। इस हमले की निंदा के लिए जितने भी कड़े शब्द हो सकते हैं, मैं उसका इस्तेमाल करना चाहूंगा।’

शिंजो आबे को 2021 में पद्म विभूषण सम्मान से किया गया था सम्मानित

शिंजो आबे को भारत ने वर्ष 2021 में पद्म विभूषण सम्मान से सम्मानित किया था। जापान में आर्थिक सुधार लागू करने के लिए उनके काम को खूब सराहा जाता है। जापान को भारत का विश्वसनीय दोस्त और आर्थिक सहयोगी बनाने में आबे की अहम भूमिका रही है।