हल्द्वानी: शहर के व्यस्ततम तिकोनिया क्षेत्र में सड़क पर भारी हुड़दंग, मनमानी और गुंडागर्दी करने वालों के खिलाफ नैनीताल पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है।
पुलिस की कार्यवाही
जिस पर खुले वाहनों और बोनट पर बैठकर अराजकता फैलाने और आम जनमानस में खौफ पैदा करने वाले उपद्रवियों पर एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर कठोर कानूनी कार्रवाई की गई है। जानकारी के अनुसार, तिकोनिया क्षेत्र में दर्जनों युवाओं और अराजक तत्वों ने एक समूह बनाकर खुले वाहनों में स्टंटबाजी और हुड़दंग मचाया। इस दौरान न सिर्फ मुख्य मार्ग का यातायात पूरी तरह से बाधित हुआ, बल्कि स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों में भय व असुरक्षा का माहौल बन गया। मामले की संवेदनशीलता और वीडियो सामने आने के बाद SSP डॉ. मंजूनाथ टीसी ने पुलिस अधिकारियों को सख्त कार्रवाई के आदेश दिए। इसके बाद एसपी सिटी मनोज कत्याल और सीओ अमित सैनी के पर्यवेक्षण में कोतवाली प्रभारी विजय मेहता के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया, जिसने त्वरित कार्रवाई करते हुए उपद्रवियों की पहचान शुरू की।
नामजद FIR दर्ज
हल्द्वानी कोतवाली में इस मामले को लेकर एफआईआर संख्या 313/2026 दर्ज की गई है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 352, 191(2), 126(2) और 125(1) के तहत मामला पंजीकृत किया है। घटना में शामिल कई आरोपियों को नामजद किया गया है, जबकि अन्य की सीसीटीवी (CCTV) और वीडियो फुटेज के जरिए शिनाख्त की जा रही है।
कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं- नैनीताल पुलिस
घटना पर नैनीताल पुलिस ने कड़ा रुख अपनाते हुए स्पष्ट संदेश दिया है कि सड़कें आम जनता की सहूलियत के लिए हैं, किसी की मनमानी या गुंडागर्दी के लिए नहीं। पुलिस प्रशासन ने चेतावनी दी है कि सार्वजनिक स्थानों पर बलवा, यातायात बाधित करने या आमजन में खौफ पैदा करने की कोशिश करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।