अर्थशास्त्री गीता गोपीनाथ जल्द ही अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) की नई फर्स्ट डिप्टी मैनेजिंग डायरेक्टर बनेंगी। आईएमएफ की ओर से गुरुवार को इसका ऐलान किया गया। गोपीनाथ यह बड़ी जिम्मेदारी 21 जनवरी 2022 से संभालेंगी। दरअसल, अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष ने कहा कि संस्था के वर्तमान फर्स्ट डिप्टी मैनेजिंग डायरेक्टर जियोफ्रे ओकामोटो ( Geoffrey Okamoto) अगले साल की शुरूआत में अपने पद से इस्तीफा दे देंगे और उनकी जगह आईएमएफ की चीफ इकोनॉमिस्ट के तौर पर कार्यरत गीता गोपीनाथ लेंगी।
हार्वर्ड यूनिवर्सिटी में इंटरनेशनल स्टडीज ऑफ इकनॉमिक्स में प्रोफेसर रह चुकी हैं
बता दें कि 2021 के अंत तक सभी देशों में कम से कम 40 फीसदी आबादी का टीकाकरण करके महामारी को समाप्त करने के लिए 50 अरब डॉलर के प्रस्ताव का मसौदा तैयार करने के लिए गोपीनाथ की सराहना की गई है। उनकी इस योजना को बाद में विश्व बैंक, विश्व व्यापार संगठन और विश्व स्वास्थ्य संगठन ने मंजूरी दी। गीता गोपीनाथ वर्ष 2019 से अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष की प्रमुख अर्थशास्त्री हैं। इससे पहले वे हार्वर्ड यूनिवर्सिटी में इंटरनेशनल स्टडीज ऑफ इकनॉमिक्स में प्रोफेसर रह चुकी हैं। वे भले ही अमेरिका की निवासी हैं, पर भारत से उनका करीबी नाता है। उनका जन्म भारत में हुआ था। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के लेडी श्रीराम कॉलेज से अर्थशास्त्र में ऑनर्स की पढ़ाई की है। इसके बाद उन्होंने दिल्ली स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स अर्थशास्त्र में ही मास्टर की पढ़ाई पूरी की।