सीजन का शानदार आगाज, भारत के स्टार भाला फेंक एथलीट नीरज चोपड़ा की दमदार वापसी, साउथ अफ्रीका में किया यह कमाल

देश दुनिया की खबरों से हम आपको रूबरू कराते रहते हैं। एक ऐसी खबर हम आपके सामने लाए हैं। भारत के स्टार भाला फेंक एथलीट नीरज चोपड़ा ने कमाल किया है।

सीजन‌ की शानदार शुरुआत

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक दक्षिण अफ्रीका के पोटचेफस्ट्रूम में पॉट इनविटेशनल ट्रैक प्रतियोगिता में नीरज‌ चोपड़ा ने शानदार प्रदर्शन किया है। भारत के दो बार के ओलंपिक पदक विजेता नीरज चोपड़ा ने बुधवार को वर्ल्ड एथलेटिक्स कॉन्टिनेंटल टूर चैलेंजर प्रतियोगिता में 84.52 मीटर की दूरी तक भाला फेंका। इसके साथ ही उन्होंने 6 खिलाड़ियों के बीच चले मुकाबले में शीर्ष स्थान हासिल किया। इसके साथ ही उन्होंने सीजन की शानदार शुरुआत की है।

नीरज चोपड़ा का शानदार प्रदर्शन

रिपोर्ट्स के मुताबिक नीरज चोपड़ा दक्षिण अफ्रीका के 25 साल रे डौव स्मिट से आगे रहे, जिनका सर्वश्रेष्ठ थ्रो 82.44 मीटर था। नीरज का प्रदर्शन हालांकि उनके व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ 89.94 मीटर से कम था, जबकि स्मिट अपने व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ 83.29 मीटर के करीब पहुंच गए। इस प्रतियोगिता में सिर्फ दो खिलाड़ियों नीरज और स्मिट ने ही 80 मीटर की दूरी पार की। वहीं डंकन रॉबर्टसन 71.22 मीटर के प्रयास के साथ तीसरे स्थान पर रहे। वहीं अब नीरज चोपड़ा 16 मई को दोहा डायमंड लीग में एलीट प्रतियोगिताओं में अपने अभियान की शुरुआत करेंगे।