हल्द्वानी: 13वीं ओपन नेशनल ताइक्वांडो चैंपियनशिप का समापन,‌ मेजबान उत्तराखंड बना ओवरऑल चैंपियन, दूसरे‌ स्थान पर उत्तर प्रदेश


हल्द्वानी (गौलापार): इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में तीन दिवसीय 13वीं ओपन नेशनल ताइक्वांडो चैंपियनशिप आयोजित हुई। जिसका रविवार को समापन हो गया है।

चैंपियनशिप का आयोजन

जानकारी के अनुसार इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में मेजबान उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने अपने बेहतरीन खेल के दम पर ओवरऑल चैंपियनशिप की ट्रॉफी जीती। उत्तर प्रदेश उपविजेता रहा, जबकि राजस्थान को तीसरा स्थान मिला। ताइक्वांडो फेडरेशन एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड द्वारा आयोजित इस बड़ी स्पर्धा में देश के 15 से अधिक राज्यों के 1,000 से अधिक महिला व पुरुष ताइक्वांडो खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। 560 अंकों के साथ उत्तराखंड की टीम अंक तालिका में शीर्ष पर रही। वहीं, उत्तर प्रदेश की टीम ने 216 अंकों के साथ दूसरे और राजस्थान की टीम ने 91 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रही।

किया सम्मानित

उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने 52 स्वर्ण, 46 रजत और 58 कांस्य पदक जीते। उत्तर प्रदेश की टीम के खाते में 18 गोल्ड, 15 सिल्वर और 44 ब्रांज मेडल आए। राजस्थान ने 9 गोल्ड, 6 सिल्वर और 10 ब्रांज पदक जीता। समापन समारोह में विजेता और उपविजेताओं को सम्मानित किया गया।