हल्द्वानी: रफ्तार का जुनून, जिंदगी से खिलवाड़! तीनपानी फ्लाईओवर पर पलटी कार

​हल्द्वानी: हल्द्वानी के तीनपानी फ्लाईओवर के पास आज शुक्रवार दोपहर तेज रफ्तार का एक मामला सामने आया, जहाँ अनियंत्रित होकर एक कार सड़क पर पलट गई। हादसे में वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जिसमें चार लोग सवार बताए जा रहे हैं।

घायलों का जाना हाल

इस घटना की सूचना मिलते ही नैनीताल जिले के एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने तुरंत कड़ा रुख अपनाते हुए खुद घटनास्थल का दौरा किया और घायलों का हाल जानने अस्पताल पहुंचे।पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, आज दिनांक 23 अक्टूबर 2026 को दोपहर करीब 3:25 बजे वाहन संख्या UK 02 A 2544 (Ford Figo) बाईपास रोड से गोलापुल की ओर से लालकुआं की तरफ जा रहा था। इसी दौरान तीनपानी फ्लाईओवर के पास अत्यधिक तेज गति के कारण वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क पर पलट गया। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

​SSP ने खुद संभाली कमान

​घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने तत्काल संज्ञान लिया। उनके निर्देश पर एसपी सिटी हल्द्वानी हरबंस सिंह, कोतवाली, मुखानी एवं बनभूलपुरा के प्रभारी निरीक्षक समेत तमाम पुलिस टीमें तुरंत मौके पर पहुँचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। एसएसपी खुद घटनास्थल पर पहुँचे और पुलिस अधिकारियों से घटनाक्रम की पूरी जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद एसएसपी नैनीताल सीधे अस्पताल पहुँचे। उन्होंने दुर्घटना में घायल हुए व्यक्तियों से मिलकर उनका हाल जाना और डॉक्टरों से उनके बेहतर इलाज के संबंध में पूरी जानकारी ली। पुलिस द्वारा दुर्घटना के संबंध में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।


​एसएसपी की दो टूक

​घटना के बाद मौके से एसएसपी मंजूनाथ टी.सी. ने अभिभावकों और स्टूडेंट्स से खास अपील की है। उन्होंने कहा अपने नाबालिग बच्चों को वाहन बिल्कुल न दें। वाहन चलाते समय निर्धारित गति सीमा का पालन करें और रफ्तार पर नियंत्रण रखें। यातायात नियमों का पूरी सख्ती से पालन करें। आपकी थोड़ी सी सतर्कता और सावधानी किसी की बहुमूल्य जिंदगी बचा सकती है।