हल्द्वानी: मुस्तैद फायर एवं पुलिस टीम की बदौलत बड़ा हादसा टला, आग पर समय रहते पाया गया काबू, कोई जनहानि नहीं

हल्द्वानी: हल्द्वानी में स्थानीय हीरा नगर स्थित केवीएम स्कूल में आज मंगलवार शाम अचानक भीषण आग लग गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस विभाग ने त्वरित कार्यवाही करते हुए समय रहते आग पर पूरी तरह काबू पा लिया, जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया।

जनहानि नहीं

राहत की बात यह है कि इस घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि या किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 23 जून 2026 को शाम करीब 07:02 बजे डायल-112/सीसीआर के माध्यम से हल्द्वानी फायर स्टेशन को स्कूल में आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही फायर स्टेशन से महज एक मिनट के भीतर (शाम 07:03 बजे) एक फायर टेंडर और अग्निशमन दल को मौके के लिए रवाना कर दिया गया।‌ घटनास्थल पर आग की गंभीरता और तेज लपटों को देखते हुए शाम 07:10 बजे दो अतिरिक्त फायर टेंडरों को भी तुरंत मौके पर भेजा गया। अग्निशमन कर्मियों ने सूझबूझ और समन्वित प्रयास से आग को चारों तरफ से घेरा और कड़ी मशक्कत के बाद उसे पूरी तरह बुझा दिया। दमकल विभाग की मुस्तैदी के कारण आग को पास के अन्य भवनों, खड़ी बसों और निकटवर्ती संपत्तियों में फैलने से रोक लिया गया।


​पार्किंग में खड़ी बसें और जनरेटर खाक

​मौके पर हुए नुकसान के विवरण के अनुसार, स्कूल के पार्किंग क्षेत्र में खड़ी दो बसें आग की चपेट में आ गईं, जो बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। इसके अलावा भूतल (ग्राउंड फ्लोर) पर लगा एक जनरेटर सेट भी इस अग्निकांड की जद में आकर जल गया।शुरुआती जांच और प्रथम दृष्टया मिली जानकारी के मुताबिक, स्कूल परिसर या आसपास वेल्डिंग का कार्य किया जा रहा था, जिससे निकली चिंगारी के कारण यह आग लगने की संभावना जताई जा रही है।‌ अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया आग का कारण वेल्डिंग कार्य ही प्रतीत हो रहा है, लेकिन वास्तविक कारणों की सटीक पुष्टि विस्तृत जांच के बाद ही हो पाएगी।