हल्द्वानी: हाल ही में हल्द्वानी में हुए दर्दनाक सड़क हादसे के बाद नैनीताल जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने अभिभावकों और युवाओं से यातायात नियमों के पालन को लेकर एक बेहद भावुक और मार्मिक अपील की है।
की यह अपील
‘कुमाऊँ द्वार महोत्सव-2026’ के मंच को संबोधित करते हुए एसएसपी ने कहा कि सड़क हादसों में जब किसी परिवार का चिराग बुझता है, तो ऐसे दिल दहला देने वाले दृश्य देखने के बाद पुलिस अधिकारियों तक को रात में नींद नहीं आती। उन्होंने कहा कि बच्चों का जीवन किसी भी जल्दबाजी या शौक से कहीं अधिक कीमती है, इसलिए अभिभावकों को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। कहा कि अभिभावक किसी भी स्थिति में अपने नाबालिग बच्चों को दोपहिया या चारपहिया वाहन न सौंपें। बच्चे स्कूल या अन्य स्थानों पर जाने के लिए बस, ऑटो या सार्वजनिक परिवहन का उपयोग कर सकते हैं। यदि युवा बच्चों को वाहन दिया जा रहा है, तो उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए वाहनों में स्पीड गवर्नर, डैशकैम और GPS जैसे सुरक्षा उपकरण अनिवार्य रूप से लगवाएं। बच्चों को तेज रफ्तार के खतरों से आगाह करें और उन्हें लगातार यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करें।
जन-जन तक पहुंचाएं यह संदेश
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने चेतावनी देते हुए कहा कि सड़क पर कुछ मिनटों की जल्दबाजी और एक छोटी-सी लापरवाही पूरे परिवार की जिंदगी भर की खुशियां तबाह कर सकती है। उन्होंने याद दिलाया कि बच्चे देश का भविष्य हैं और उनकी सुरक्षा केवल पुलिस की ही नहीं, बल्कि पूरे समाज और अभिभावकों की सामूहिक जिम्मेदारी है।