हल्द्वानी: रामपुर रोड स्थित उत्तराखंड वानिकी प्रशिक्षण अकादमी (UFTA) में शुक्रवार को एक गरिमापूर्ण दीक्षा समारोह आयोजित किया गया।
दीक्षा समारोह का आयोजन
इस समारोह में छह महीने का कठिन प्रशिक्षण पूरा करने वाले 57 वन आरक्षियों (वन रक्षकों) को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस समारोह की शुरुआत भव्य ‘पासिंग आउट परेड’ के साथ हुई। वन आरक्षियों ने बैंड की सुरीली धुनों पर मार्च पास्ट करते हुए मुख्य अतिथि को सलामी दी। इसके बाद पंडित नैन सिंह ऑडिटोरियम में औपचारिक दीक्षा समारोह आयोजित किया गया, जहाँ मुख्य अतिथि केंद्रीय अधिकार प्राप्त समिति (CEC) के अध्यक्ष चंद्र प्रकाश गोयल ने प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण पत्र सौंपे। अब ये वन आरक्षी प्रदेश के वनों की सुरक्षा के लिए ‘सुरक्षा कवच’ के रूप में तैनात होंगे।
जीती ट्राफी
देहरादून वन प्रभाग के गौरव कुमार (जो पेशे से मेकेनिकल इंजीनियर हैं) ने स्वर्ण पदक के साथ-साथ वन वर्धन और वन उपयोग की ट्रॉफियां जीती। अल्मोड़ा वन प्रभाग के सौरभ सिंह जीना को ‘परेड कमांडर ट्रॉफी’ दी गई। गणेश चौहान (गोविंद वन्य जीव विहार), वीरेंद्र सिंह (रुद्रप्रयाग), राहुल लाल (रामनगर) और प्रताप चंद (लैंसडौन) ने क्रमशः दूसरा से पांचवां स्थान प्राप्त किया। इन पांचों को प्रोत्साहन स्वरूप साइकिलें भेंट की गईं।