हल्द्वानी/नैनीताल: धनतेरस, आगामी त्योहारों और वीकेंड के चलते कैंची धाम, भवाली, नैनीताल और भीमताल क्षेत्र में पर्यटकों तथा श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस-प्रशासन ने कमर कस ली है।
डायवर्जन लागू
शहर में जाम की स्थिति से निपटने और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए आज (शुक्रवार) से 8 नवंबर तक 3 दिनों का विशेष डायवर्जन प्लान लागू किया गया है। इस दौरान सुबह 3 बजे से रात 11 बजे तक भारी वाहनों का प्रवेश शहर में पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा। आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति करने वाले वाहनों को भी केवल बाईपास मार्गों से ही भेजा जाएगा।
पहाड़ी और मैदानी क्षेत्रों के लिए रूट डायवर्जन
• पहाड़ी से मैदानी क्षेत्र जाने वाले वाहन: लमगड़ा, धनाचूली, धारी, खुटानी और भीमताल मार्ग से होकर गुजरेंगे।
• काठगोदाम से रानीखेत जाने वाले वाहन: मुक्तेश्वर-रामगढ़ मार्ग का प्रयोग करेंगे।
• स्थानीय वाहन: खैरना, गरमपानी और बेतालघाट जाने के लिए दूनीखाल-रातीघाट मार्ग से निकलेंगे।
पार्किंग व्यवस्था और शटल सेवा
कैंची धाम क्षेत्र में टैक्सी और दोपहिया वाहनों की एंट्री बंद रहेगी। वाहनों के लिए निम्नलिखित पार्किंग स्थल तय किए गए हैं:
• भीमताल से आने वाले निजी वाहन: विकास भवन पार्किंग।
• ज्योलीकोट, गेठिया व नैनीताल से आने वाले वाहन: भवाली सैनिटोरियम पार्किंग (यहाँ से कैंची धाम के लिए शटल सेवा उपलब्ध रहेगी)।
• बरेली रोड के वाहन: लक्ष्मी शिशु मंदिर मैदान।
• रामपुर रोड के वाहन: एचएन इंटर कॉलेज परिसर।
• कालाढूंगी रोड के वाहन: हीरानगर पार्किंग।
• मुख्य बाजार जाने वाले वाहन: रामलीला मैदान और रेलवे स्टेशन परिसर।
बस और भारी वाहनों का नया रूट
• रामपुर रोड की बसें: टीपीनगर तिराहे से होंडा शोरूम होते हुए गौलापार रोड से शहर में आएँगी।
• बरेली रोड की बसें: तीनपानी फ्लाईओवर से गौलापार होकर नारीमन तिराहे से सीधे रोडवेज स्टेशन तक पहुँचेंगी।
• कालाढूंगी रोड की बसें: लालडांठ और ऊंचापुल से पनचक्की मार्ग होकर आएँगी।
• पर्वतीय क्षेत्रों की बसें (केमू/रोडवेज): तिकोनिया से होकर सीधे रोडवेज स्टेशन पहुँचेंगी।
• वॉल्वो बसें: शहर के भीतर प्रवेश पूरी तरह बंद रहेगा; बसें बाहर निर्धारित स्थानों से ही सवारियाँ बैठाएँगी/उतारेंगी।
बाजारों में वाहनों की ‘नो एंट्री’
मंगलपड़ाव, सिंधी चौराहा, सिटी चौराहा, कालाढूंगी चौराहा, ओके होटल और ताज चौराहे से मुख्य बाजार के भीतर किसी भी वाहन के जाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। ऑटो और ई-रिक्शा भी केवल तय वैकल्पिक स्टैंडों से ही संचालित होंगे।