अल्मोड़ा: भारत मौसम विज्ञान विभाग (देहरादून) द्वारा अल्मोड़ा जिले में कल 03 सितंबर (गुरुवार) को भारी बारिश की संभावना व्यक्त की गई है।
अवकाश घोषित
वहीं जिले में लगातार हो रही वर्षा से भूस्खलन, जलभराव, बोल्डर गिरने और मार्ग बाधित होने जैसी घटनाओं के खतरे को देखते हुए प्रशासन ने छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के मद्देनजर एक दिवसीय अवकाश घोषित किया है। जिलाधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (अल्मोड़ा) के अध्यक्ष अंशुल सिंह ने आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 की धारा-30 (2) के तहत आदेश जारी कर 03 सितंबर 2026 को जिले के सभी शैक्षणिक संस्थानों को बंद रखने के निर्देश दिए हैं। जिसमें कक्षा 01 से 12 तक के समस्त स्कूल,शासकीय, अशासकीय एवं निजी (प्राइवेट) विद्यालय बंद रहेंगे। उच्च शिक्षण संस्थान में सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय, अल्मोड़ा एवं जिले के सभी शासकीय महाविद्यालय बंद रहेंगे। तकनीकी संस्थान में समस्त राजकीय आईटीआई (ITI) तथा पॉलिटेक्निक संस्थान व जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्र बंद रहेंगे।
दिए यह निर्देश
जिलाधिकारी ने सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के कुलपति, मुख्य शिक्षा अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी (बाल विकास) और सभी कॉलेजों व पॉलिटेक्निक के प्राचार्यों को इस आदेश का कड़ाई से अनुपालन कराने के निर्देश दिए हैं। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि किसी भी प्रकार की अवहेलना या विचलन की स्थिति में संबंधित के विरुद्ध सख्त कानूनी व प्रशासनिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।