उत्तरकाशी: जिले में पिछले 48 घंटे से जारी मूसलाधार बारिश ने जनजीवन बुरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। यहां लगातार बारिश के कारण जगह-जगह भूस्खलन होने से गंगोत्री और यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग घंटों तक बंद रहे, वहीं सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने चारधाम यात्रा पर फिलहाल अस्थाई रोक लगा दी है।
हाईवे पर मलबा आने से पहिए थमे
बारिश के चलते गंगोत्री हाईवे धरासू के पास और यमुनोत्री हाईवे दुर्बिल के पास भारी मलबा आने से बंद हो गए। मार्ग बंद होने से तीर्थयात्रियों और स्थानीय लोगों को घंटों तक भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। हालांकि, सूचना मिलते ही बीआरओ और एनएच की टीमों ने जेसीबी की मदद से मलबा हटाकर यातायात को दोबारा बहाल कराया। जिले के कई अन्य संपर्क (लिंक) मार्ग भी मलबे के कारण बंद हैं, जिन्हें खोलने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है।
स्याबा गांव में मकान ढहा
बारिश के कारण भटवाड़ी ब्लॉक के स्याबा गांव में एक बड़ा हादसा होने से टल गया। गांव निवासी उपेंद्र सिंह राणा के मकान के पीछे की सुरक्षा दीवार अचानक ढह गई, जिससे भवन में गंभीर दरारें आ गईं और वह रहने के लिए असुरक्षित हो गया।
घटना के वक्त घर में बच्चे मौजूद थे, लेकिन दीवार गिरते ही परिवार के लोग समय रहते बाहर की ओर भागे, जिससे बड़ी अनहोनी टल गई। खतरे को देखते हुए परिवार को सुरक्षित स्थान पर शरण लेनी पड़ी है।
मुआवजे की मांग
ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि तत्काल राजस्व टीम भेजकर प्रभावित मकान का स्थलीय निरीक्षण कराया जाए और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा प्रदान किया जाए।