उत्तराखंड के चौबटिया में भारत-यूएई का संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘माउंटेन गार्जियन 2026’ शुरू, दोनों देशों के 92 सैनिक ले रहे हिस्सा

​उत्तराखंड: भारत और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) की सेनाओं के बीच बहुप्रतीक्षित संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘माउंटेन गार्जियन 2026’ उत्तराखंड के चौबटिया स्थित फॉरेन ट्रेनिंग नोड में जारी है।

इतने जवान शामिल

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक 5 से 18 अक्टूबर तक चलने वाले इस 14 दिवसीय सैन्य अभ्यास में दोनों देशों के कुल 92 सैनिक हिस्सा ले रहे हैं, जिसमें दोनों सेनाओं के 46-46 जवान शामिल हैं। इस अभ्यास में भारतीय सेना की ओर से प्रतिष्ठित भैरव बटालियन के जवान भाग ले रहे हैं, जबकि यूएई की सेना का प्रतिनिधित्व माउंटेन इन्फैंट्री बटालियन के सैनिक कर रहे हैं। अभ्यास के शुरुआती चरणों में दोनों देशों के सैनिकों ने कड़े शारीरिक प्रशिक्षण के साथ-साथ कई महत्वपूर्ण गतिविधियों में हिस्सा लिया, जिनमें जिउ-जित्सु और रिफ्लेक्स शूटिंग, रॉक क्लाइंबिंग, रैपलिंग और फॉक्स-लाइन ट्रेनिंग, रस्सी के सहारे तेजी से नीचे उतरने का अभ्यास व दिन और रात में फायरिंग तथा पहाड़ी इलाकों में ऑपरेशन चलाने की विशेष ट्रेनिंग शामिल है। अभ्यास के अगले चरणों में दोनों सेनाएं संयुक्त रूप से ऑपरेशन की योजना बनाने, सामरिक अभ्यास (टैक्टिकल एक्सरसाइज), निगरानी ग्रिड तैयार करने, ड्रोन ऑपरेशंस और बाधाओं को पार करने के तरीकों पर काम कर रही हैं।

​दोनों देशों के रक्षा सहयोग को मिलेगी मजबूती

‘माउंटेन गार्जियन 2026’ का मुख्य उद्देश्य दोनों मित्र देशों की सेनाओं के बीच आपसी तालमेल को बेहतर करना, पहाड़ी युद्ध की रणनीतियों को साझा करना और सैनिकों की ऑपरेशनल क्षमताओं को और मजबूत करना है।