रानीखेत (अल्मोड़ा): उत्तराखंड के रानीखेत स्थित चौबटिया सैन्य क्षेत्र में भारत और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) की सेनाओं के बीच दो सप्ताह तक चलने वाला संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘माउंटेन गार्डियन-2026’ शुरू हो गया है।
प्रशिक्षण का आयोजन
जानकारी के अनुसार विदेशी प्रशिक्षण केंद्र (FTC) में आयोजित यह अभ्यास 5 अक्टूबर से 18 अक्टूबर तक चलेगा। जिसका मुख्य उद्देश्य पर्वतीय युद्ध कला में अंतर-संचालनीयता, आपसी समझ और रणनीतिक सहयोग को मजबूत करना है। इस संयुक्त सैन्याभ्यास की खास बात यह है कि इसमें दोनों देशों की महिला अधिकारी और लड़ाकू सैनिक विशेषज्ञ भूमिकाओं में शामिल हैं। अभ्यास में भारतीय सेना की ‘भैरव बटालियन’ और यूएई सेना की ‘माउंटेन इंफेंट्री बटालियन’ के 92-92 जवान हिस्सा ले रहे हैं।
ड्रोन संचालन से लेकर रॉक क्लाइंबिंग का अभ्यास
14 दिनों तक चलने वाले इस महत्वपूर्ण अभ्यास के दौरान दोनों देशों के जवान विभिन्न सामरिक कौशलों का आदान-प्रदान करेंगे। इसमें प्रमुख रूप से शामिल हैं। संयुक्त रणनीतिक योजना और फायरिंग अभ्यास, निगरानी ग्रिड की स्थापना और आधुनिक ड्रोन संचालन, पर्वतीय इलाकों में चट्टान चढ़ाई, बाधा प्रशिक्षण और शारीरिक सहनशक्ति परीक्षण, एकीकृत क्षेत्र अभ्यास शामिल हैं। इस प्रशिक्षण के माध्यम से दोनों सेनाएं चुनौतीपूर्ण पर्वतीय भू-भागों में प्रौद्योगिकी आधारित सैन्य अभियानों को अंजाम देने की रणनीतियों, तकनीकों और प्रक्रियाओं (TTPs) को साझा करेंगी।