11 जनवरी: आज पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की पुण्यतिथि, जनमानस पर छोड़ी अपनी अमिट छाप

आज 11 जनवरी 2026 है। आज लाल बहादुर शास्त्री की पुण्यतिथि है। लाल बहादुर शास्त्री जी भारत के द्वितीय प्रधानमंत्री थे। कार्यकाल के दौरान नेहरु जी की मृत्यु हो जाने के कारण 9 जून 1964 में शास्त्री जी को इस पद पर मनोनित किया गया। इनका स्थान तो द्वितीय था, परन्तु इनका शासन ‘अद्वितीय’ रहा।

मृत्यु आज भी बनी है रहस्य-

11 जनवरी 1966 में उनका निधन हो गया था। लाल बहादुर शास्त्री का जन्म महात्मा गांधी जी के जन्मदिन के दिन ही हुआ था। हालांकि आज तक देश के दूसरे प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की मौत किन परिस्थितियों में हुई ये आज भी रहस्य बना हुआ है।देश के लिए कई दशकों तक पूरे समर्पण भाव से काम करने वाले शास्त्री जी को उनकी जबर्दस्त कार्यक्षमता, सत्यनिष्ठा, और विनम्र स्वभाव के लिए याद किया जाता है। शास्त्री जी की मौत के बाद उनके रिश्तेदारों और उनके जानने वालों ने षड्यंत्र की आशंका जताई थी। कहा जाता है कि शास्त्री जी मौत से आधे घंटे पहले तक बिल्कुल ठीक थे, लेकिन 15 से 20 मिनट में उनकी तबियत खराब हो गई। इसके बाद डॉक्टरों ने उन्हें इंट्रा-मस्कुलर इंजेक्शन दिया। इंजेक्शन देने के चंद मिनट बाद ही उनकी मौत हो गई।

दिया था यह नारा

लाल बहादुर शास्त्री का जन्म 2 अक्टूबर 1904 को मुगलसराय में हुआ था। लाल बहादुर शास्त्री जयंती किसानों द्वारा बहुत उत्साह के साथ मनाई जाती है, क्योंकि उनके जीवन और कृषि में विकास से संबंधित सभी मामलों में लाल बहादुर शास्त्री की गहरी भागीदारी थी। पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की सादगी और विनम्रता के लोग कायल थे। उन्होंने वर्ष 1965 के भारत-पाकिस्तान युद्ध के दौरान ‘जय जवान जय किसान’ का नारा दिया था।