जस्टिस सूर्यकांत होंगे भारत के अगले मुख्य न्यायाधीश, इस दिन लेंगे शपथ

देश दुनिया की खबरों से हम आपको रूबरू कराते रहते हैं। एक ऐसी खबर हम आपके सामने लाए हैं। भारत को जल्द नया मुख्य न्यायाधीश मिलेगा। जस्टिस सूर्यकांत 24 नवंबर, 2025 से देश के मुख्य न्यायाधीश होंगे।

अगले मुख्य न्यायाधीश

भारत के मुख्य न्यायाधीश के बी.आर. गवई आगामी 23 नवंबर को पद छोड़ रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक भारत के मुख्य न्यायाधीश भूषण रामकृष्ण गवई ने केंद्र सरकार से जस्टिस सूर्यकांत को अगले CJI के तौर पर नियुक्त करने की सिफारिश की थी। इसके बाद राष्ट्रपति ने उनके नाम पर मुहर लगा दी है। जस्टिस सूर्यकांत भारत के मुख्य न्यायाधीश के बाद सबसे वरिष्ठ न्यायाधीश हैं। CJI गवई के 23 नवंबर को रिटायर होने के बाद 24 नवंबर को वे देश के 53वें CJI बनेंगे। न्यायमूर्ति सूर्यकांत 24 नवंबर को अगले मुख्य न्यायाधीश बनेंगे और 9 फरवरी, 2027 तक लगभग 15 महीने तक इस पद पर रहेंगे।

दी बधाई

रिपोर्ट्स के मुताबिक इस संबंध में केंद्रीय विधि एवं न्याय तथा संसदीय कार्य राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने बीते दिनों एक पोस्ट किया। जिसमें उन्होंने लिखा, भारत के संविधान द्वारा प्रदत्त शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश सूर्यकांत को 24 नवंबर, 2025 से देश के मुख्य न्यायाधीश के रूप में नियुक्त करती हैं। मैं उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देता हूं।