अल्मोड़ा: वन पंचायतों के अभिलेखों तथा वन पंचायतों के विभिन्न प्रकरणों पर जिलाधिकारी ने की वर्चुअली बैठक.. अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

अल्मोड़ा जनपद में वन पंचायतों के अभिलेखों तथा वन पंचायतों के विभिन्न प्रकरणों पर जिलाधिकारी वंदना ने समस्त उपजिलाधिकारियों तथा तहसीलदारों के साथ वर्चुअली बैठक कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने हेतु सभी दस्तावेज करें एकत्र

जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद की सभी वन पंचायतों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने हेतु वन पंचायतों के अभिलेखों यथा खसरा, खतौनी, वन पंचायत बनने की अधिसूचना, नक्शा तथा चुनाव रजिस्टर समेत सभी आवश्यक दस्तावेज एकत्र करें तथा 15 दिसंबर तक जिला कार्यालय को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। जिससे शासन को समय पर वन पंचायतों की सूची उपलब्ध कराई जा सके ।

वन पंचायतों करें संयुक्त निरीक्षण

जिलाधिकारी ने कहा कि अधिसूचित वन पंचायतों की वास्तविकता का पता करने के लिए वन विभाग के साथ अधिसूचित वन पंचायतों का संयुक्त निरीक्षण करें तथा यह देखें कि वर्तमान वन पंचायत कितने क्षेत्र में मौजूद है साथ ही सभी पुराने रिकॉर्ड (बंदोबस्त) के साथ उनका मिलान किया जाए।

अतिक्रमण होने पर उसका निस्तारण किया जाए

उन्होंने कहा कि यदि अधिसूचित वन पंचायत के क्षेत्र में अतिक्रमण हुआ है तो उसका भी निस्तारण करना सुनिश्चित करे। उन्होंने कहा कि जनपद की सभी वन पंचायतों के सभी अभिलेख जल्द से जल्द पूरे करना सुनिश्चित करें। इसके लिए उन्होंने पुराने सभी दस्तावेजों का अवलोकन कर जल्द ही सभी दस्तावेज तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने कहा कि तैयार अभिलेखों को अभिलेखागार, तहसील, वन पंचायत एवं वन विभाग में भी संरक्षित करना सुनिश्चित करें।