प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में अधिकतर भाग वन्य क्षेत्र है और खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में जंगली जानवरों का आतंक लगातार बना रहता है। गौरतलब है कि आदमखोर जानवरों के ग्रामीण क्षेत्रों में प्रवेश करने से लोगों की जान का खतरा बढ़ता जा रहा है।
ग्रामीणों में बढ़ रही है आदमखोर गुलदार की दहशत
अल्मोड़ा जिले के धौलादेवी ब्लॉक के कई गांवों में गुलदार का आतंक छाया हुआ है। पालतु जानवरों के साथ गुलदार अब लोगों पर भी हमला कर रहा है जिससे ग्रामीण काफी दहशत में हैं। बीते बुधवार को ब्लॉक के ग्राम पंचायत मल्ली सिंधिया में घर के आंगन में बैठी महिला पर गुलदार ने हमला कर घायल कर दिया। वहीं, ब्लॉक के क्वैराली गांव में आंगन से उठाकर एक नौ वर्षीय मासूम को गुलदार ने अपना शिकार बना लिया था।
ग्रामीणों ने वन विभाग से सुरक्षा की लगाई गुहार
ग्रामीणों ने वन विभाग से जल्द से जल्द गुलदार के आतंक से निजात दिलाने की मांग की है। लगातार बढ़ते गुलदार के आंतक से लोग खौफजदा है। लोगों ने वन विभाग से सुरक्षा की गुहार भी लगाई है। वन विभाग की टीम ने जल्द ही इस समस्या से निजात दिलवाने का आश्वासन दिया है।