किच्छा से जुड़ी खबर सामने आई है। यहां व्यापारी नेता निर्मल सिंह हंसपाल के पुत्र जगदीप सिंह पर हमले के दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने बताया कि रुद्रपुर के हुक्का बार में हुए विवाद के कारण उन्होंने जगदीप के ऊपर डंडों से हमला किया था। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में शामिल स्कॉर्पियो को बरामद कर लिया है। पुलिस बाकी आरोपियों की तालाश में दबिश दे रही है।
बाइक और स्कॉर्पियो सवार युवकों ने जगदीप पर किया हमला
सोमवार को एसपी सिटी मनोज कत्याल ने कोतवाली में घटना का खुलासा करते हुए बताया कि बीती 11 नवंबर सांय प्रांतीय उधोग व्यापार मंडल जिला महामंत्री व नानकमत्ता गुरुद्वारे के डायरेक्टर निर्मल सिंह हंसपाल के पुत्र जयदीप पर रुद्रपुर से किच्छा लौटते समय बाइक और स्कॉर्पियो सवार युवकों ने हमला कर दिया था।
दोनों आरोपियों को किया गया गिरफ्तार
पुलिस ने आठ युवकों के खिलाफ केस दर्ज किया था। पुलिस ने रविवार शाम रुद्रपुर में ली. कैसल होटल के पास से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने अपने नाम अभय सक्सेना पुत्र रविन्द्र सक्सेना निवासी भदईपुरा रुद्रपुर, शुभम यादव पुत्र महिपाल यादव निवासी भदईपुरा रुद्रपुर बताया है। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने घटना में इस्तेमाल स्कॉर्पियो संख्या यूके 19 – 7779 को बरामद कर लिया।
घटना में फायरिंग की पुष्टि नहीं हुई है, सारी घटना सीसीटीवी में कैद
एसपी सिटी कत्याल ने बताया अभय के खिलाफ जानलेवा हमले का मुकदमा पहले भी दर्ज है। घटना में फायरिंग की पुष्टि नहीं हुई है। सारी घटना सीसीटीवी में कैद है। उसमें डंडे से जगदीप पर हमला करते हुए आरोपी दिखाई दे रहे है। चार माह पूर्व रुद्रपुर के ली. कैसल होटल के कबाना बार में जगदीप का ओमवीर यादव उर्फ बिल्ला का विवाद हो गया था। जिसका बदला लेने के लिये वह लोग जगदीप के पीछे लगे थे। शनिवार शाम मौका मिलने पर उन्होंने दीप को घेर कर हमला कर दिया था।
पुलिस टीम में शामिल रहे
खुलासा करने वाली पुलिस टीम में सीओ ओमप्रकाश शर्मा, कोतवाल धीरेंद्र कुमार, एसएसआई सुनील सुतेड़ी आदि थे।