यहां राष्ट्रीय राजमार्ग पर रोडवेज बस ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी जिससे बाइक सवार व्यक्ति की मौके पर मौत हो गई। शनिवार की देर रात बाजपुर के सुल्तानपुर पट्टी में राष्ट्रीय राजमार्ग 74 पर रोडवेज बस ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी जिससे बाइक सवार व्यक्ति की मौके पर मौत हो गई। वहीं घटना की सूचना पर मृतक के परिजनों ने बस को घेरकर हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझा-बुझाकर शांत किया जिसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया।
मृतक के परिजनों ने जमकर हंगामा किया
सुल्तानपुर पट्टी के आदर्श नगर की रतन कॉलोनी निवासी महेंद्र (35) अपने भाई राजेंद्र के घर आदर्श नगर की रेलवे कॉलोनी पर शनिवार देर रात करीब 9 बजे बाइक से जा रहा था कि पीछे से आ रही रोडवेज बस ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी जिससे महेंद्र की मौके पर मौत हो गई। वहीं घटना की सूचना मिलने पर सुल्तानपुर पट्टी चौकी पुलिस और मृतक के परिजन मौके पर पहुंच गये जहां मृतक के परिजनों ने जमकर हंगामा किया। वहीं पुलिस ने आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर शांत किया और कड़ी मशक्कत के बाद शव को कब्जे में ले लिया जिसके उपरांत पुलिस ने रविवार को मृतक महेंद्र के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
तहरीर आने के बाद अग्रिम कार्रवाई अमल में लाई जाएगी
इस दौरान सुल्तानपुर पट्टी चौकी पुलिस ने बताया कि बस और बाइक की टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हुई है जिसके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि बस और बाइक को कब्जे में ले लिया गया है और तहरीर आने के बाद अग्रिम कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।