उत्तराखंड: उत्तराखंड राज्य कर विभाग में बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल हुआ है। जिसमें राज्य कर आयुक्त ने अधिकारियों की एक विस्तृत स्थानांतरण सूची जारी की है।
आदेश जारी
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक 30 जून 2026 को जारी दो अलग-अलग आदेशों के माध्यम से कुल 119 अधिकारियों का तबादला कर उन्हें नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। जिसमें पहले आदेश के तहत 42 सहायक आयुक्त और उनके समकक्ष अधिकारियों का स्थानांतरण किया गया है। इन अधिकारियों को राज्य कर मुख्यालय देहरादून के साथ-साथ हरिद्वार, हल्द्वानी, काशीपुर, रुद्रपुर, रुड़की, विकासनगर, खटीमा, किच्छा, भगवानपुर, गंगापुर और मसूरी के विभिन्न कार्यालयों में तैनात किया गया है। विभाग ने कई अधिकारियों को ऑडिट, प्रवर्तन और सचल दल जैसी महत्वपूर्ण शाखाओं में नई नियुक्तियाँ दी हैं। वहीं दूसरे आदेश में 77 राज्य कर अधिकारियों के स्थानांतरण किए गए हैं। इन अधिकारियों को भी प्रदेश के विभिन्न जिलों जैसे रुद्रपुर, काशीपुर, रुड़की, हरिद्वार, हल्द्वानी, विकासनगर, कोटद्वार, टनकपुर, गोपेश्वर, खटीमा और देहरादून में तैनात किया गया है। इन अधिकारियों की तैनाती मंडल कार्यालयों, उप आयुक्त कार्यालयों, ऑडिट शाखा और विभिन्न खंड कार्यालयों में की गई है।
इन अधिकारियों के लिए विशेष निर्देश
विभाग ने आदेश में यह स्पष्ट किया है कि जो अधिकारी वर्तमान में विशेष गहन प्रशिक्षण कार्यक्रम (SIR) में अपनी सेवाएं दे रहे हैं, उन्हें तत्काल कार्यमुक्त नहीं किया जाएगा। ऐसे अधिकारियों को प्रशिक्षण से संबंधित शासनादेश के अनुरूप अपना प्रशिक्षण पूरा करने के बाद ही नवीन तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करना होगा।