सुबह की ताजा खबरें (17 जुलाई, अंतर्राष्ट्रीय न्याय दिवस)

◆ भाजपा ने पश्चिम बंगाल के राज्‍यपाल जगदीप धनखड को राष्‍ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के उपराष्‍ट्रपति पद का उम्‍मीदवार घोषित किया।

◆ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे का शुभारंभ किया।

◆ श्रीलंका में गोटबया राजपक्ष के त्यागपत्र के बाद राष्ट्रपति का पद रिक्त होने की घोषणा करने के लिए आज संसद का संक्षिप्त सत्र आयोजित किया गया। यह सत्र केवल 13 मिनट चला। इस दौरान संसद के महासचिव धम्मिका दासनायके ने राष्ट्रपति का पद रिक्त होने की घोषणा की।

◆ गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि कृषि और ग्रामीण विकास बैंकों-एआरडीबी ने कृषि को बदल दिया है। उन्होंने कहा कि सहकारिता मंत्रालय प्राथमिक कृषि ऋण समिति-पैक्स को बहुआयामी बनाने की दिशा में काम कर रहा है और लगभग 80 साल पुराने कानूनों को बदलकर इसमें नई गतिविधियां जोड़ी जा रही हैं।

◆ शतरंज ओलंपियाड टॉर्च रिले के रायपुर, छत्तीसगढ़ पहुंचने पर हुआ जोरदार स्वागत। पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित स्वागत समारोह में ग्रैंड मास्टर प्रवीण थिप्से ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को टॉर्च रिले सौंपी।

◆ संसद के सोमवार से शुरू हो रहे मानसून सत्र से पहले लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला द्वारा बुलाई गई सर्वदलीय बैठक संपन्न।लोकसभा अध्यक्ष ने बैठक में सदन के सुचारू संचालन के लिए राजनीतिक दलों का समर्थन मांगा।

◆ राजस्थान में रणथंभौर राष्ट्रीय उद्यान से बाघिन T 102 को बून्दी के रामगढ़ विषधारी टाइगर रिजर्व में शिफ्ट किया गया। रामगढ़ विषधारी को टाइगर रिज़र्व घोषित होने के गजट नोटिफिकेशन से 2 महीने बाद ही बाघिन को रामगढ़ शिफ्ट किया गया। रामगढ़ विषधारी रिज़र्व में एक नर बाघ पहले से मौजूद है।

◆ भारतीय ग्रैंडमास्टर आर. प्रज्ञानानंद ने पैरासिन ओपन ‘A’ शतरंज टूर्नामेंट 2022 जीता।

◆ भाजपा सांसद हेमा मालिनी ने कहा ये एक बड़ी बात है कि पहली बार जाट समुदाय से आने वाले जगदीप धनखड़ को उप राष्ट्रपति का उम्मीदवार चुना गया है। यही नहीं राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार भी जनजातीय क्षेत्र से हैं… ये एक बेहद सराहनीय निर्णय है।

◆ आईसीएसई कक्षा 10वीं के परिणाम आज शाम 5 बजे घोषित किए जाएंगे।

◆ केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा CBSE के नतीजे में कोई देरी नहीं है। 15 जून तक CBSE की परीक्षा चल रही थी। उसके बाद चेकिंग में 45 दिन लगते हैं। आज तो 30 दिन ही हुए हैं। मैनें कल ही CBSE में बात की है। ठीक समय में नतीजे आ जाएंगे।

◆ जम्मू के उधमपुर ज़िले में अमरनाथ यात्रा की ड्यूटी में तैनात आईटीबीपी के जवान ने शनिवार को अपने तीन साथियों पर फ़ायरिंग करके उन्हें घायल कर दिया। इसके बाद उन्होंने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली।